‘कबरा कान दंतैल’ सोनगरा जंगल में दिखा, 12 लोगों की ले चुका है जान

वन विभाग की चेतावनी के बावजूद ग्रामीण कर रहे खिलवाड़

जरही। सूरजपुर जिले के अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग से लगे सोनगरा जंगल में एक दांत और एक कान कटा दंतैल हाथी के दिखाई देने से दहशत का माहौल है। स्थानीय स्तर पर ‘कबरा कान दंतैल’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस हाथी की मौजूदगी ने ग्रामीणों को हलाकान कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह हाथी सोनगरा, बगड़ा सहित आसपास के जंगलों में लगातार विचरण करते रहता है और इसके हमलों में अब तक करीब 12 लोगों की जान जा चुकी है।

खतरनाक हाथी की मौजूदगी के बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उसके आसपास पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा हाथी के साथ छेड़छाड़ करते हुए शोर मचाने और उसे उकसाने का प्रयास करने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने की बातें हो रही है। जिस हाथी से लोगों को दूरी बनाकर रखना चाहिए, उसके करीब जाकर कुछ लोग बहादुरी दिखाने में लगे हैं। दंतैल हाथी, जिसके हमलों में कई लोगों की जान जाने की बात सामने आ चुकी है, उसके नजदीक जाना खतरनाक साबित हो सकता है। हाथी अचानक आक्रामक होकर हमला कर सकता है और ऐसी स्थिति में किसी को संभलने का मौका नहीं मिलेगा। इसे देखते हुए वन विभाग को भी सजग रहने की जरूरत है।

वन विभाग से सतर्कता बढ़ाने की मांग

सोनगरा और बगड़ा जंगल के आसपास वन विभाग को लगातार निगरानी रखने, ग्रामीणों को जागरूक करने तथा अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर हाथी की मौजूदगी के संबंध में समय-समय पर चेतावनी जारी करने की आवश्यकता है। ग्रामीणों से अपील है कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक बिल्कुल न जाएं, न ही सेल्फी, वीडियो या मनोरंजन के लिए उसे परेशान करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें। जंगली हाथी के साथ कुछ सेकंड की मस्ती जिंदगी भर का पछतावा बन सकती है। अपनी जान के साथ दूसरों की जिंदगी भी खतरे में न डालें।

Share with