सरगुजा बना अंडर-14 प्लेट ग्रुप का चैंपियन, एलिट ग्रुप में बनाई जगह

राजवाड़े की 38 रनों की नाबाद पारी, फाइनल में कोरबा को 9 विकेट से हराया

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अंडर-14 प्लेट ग्रुप वनडे इंटर-डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट 2026-27 में सरगुजा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में कोरबा को 9 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस जीत के साथ ही सरगुजा की टीम ने आगामी प्रतियोगिता के लिए एलिट ग्रुप में प्रवेश कर लिया है। एलिट ग्रुप के मुकाबले आगामी 14 तारीख से खेले जाएंगे।फाइनल मुकाबले में कोरबा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन सरगुजा के गेंदबाजों के सामने उसकी बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। कोरबा की पूरी टीम मात्र 53 रनों पर ऑलआउट हो गई। सरगुजा की ओर से नीलोत्पल प्रथिभ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। स्वस्तिक केशरी ने भी 3 विकेट लेकर कोरबा की कमर तोड़ दी। वहीं सन्नी ओझा और प्रिंस कुशवाहा ने 1-1 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।54 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरगुजा की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र एक विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चिराग राजवाड़े ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 38 रनों की शानदार पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। सरगुजा की अंडर-14 टीम ने अपने खेल के बदौलत फाइनल में जगह बनाई और इस बार खिताब अपने नाम कर जिले को गौरवान्वित किया। टीम के इस शानदार प्रदर्शन में खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रयास के साथ प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। टीम के कोच अलंकार तिवारी एवं मुजाहिद खान के निर्देशन में खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

सरगुजा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदित्येेश्वर शरण सिंह देव एवं सचिव विनीत जायसवाल ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-14 टीम की यह सफलता जिले में क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने एलिट ग्रुप में प्रवेश को बड़ी उपलब्धि बताते हुए आगामी मुकाबलों के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं। सरगुजा की इस ऐतिहासिक जीत से जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है। अब टीम 14 तारीख से शुरू होने वाले एलिट ग्रुप के मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी।

Share with