कबरा हाथी के हमले से फिर 01 मौत, पखवाड़े भर में आधा दर्जन की गई जान

बिश्रामपुर। सूरजपुर जिले में कबरा कान वाले हाथी का आतंक जारी है। दीपावली की रात दो लोगों को मौत के घाट उतारने वाले कबरा हाथी ने कंदरई में भी मंगलवार को एक वृद्ध को मौत की नींद सुला दिया। कबरा हाथी के रिहायशी इलाके में विचरण करने से लोगों में भय व्याप्त है।

बता दें कि दीपावली की रात कबरा हाथी ने करंजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुर सु के पंडोपारा का 38 वर्षीय मटूलाला पिता लालसाय खेत का पहरा करने गया था, इसी बीच कबरा हाथी ने उसे कुचलकर रौंद दिया था। इसके बाद कबरा हाथी सोमवार की रात करमपुर, पार्वतीपुर, केनापारा तेलईकछार से रेलवे लाइन पार करके कंदरई गांव की ओर पहुंच गया। ग्रामीणों ने बताया कि कबरा हाथी ने पेंड़रखी बीट के ग्राम पंचायत कंदरई टूरीपतरा निवासी करीब 66 वर्षीय बिशन राम पिता गुठाल राम को कंदरई बाजार के पास कुचलकर रौंद दिया। पहली घटना प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सकलपुर-सोनगरा सर्किल में हुई थी। यहां श्यामनगर निवासी कृष्ण राजवाड़े पिता जगन्नाथ राजवाड़े, 42 वर्ष पर कबरा कान हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। वन अमला पूरी रात व दिन भर हाथी के निगरानी में जुटा हुआ है। वर्तमान में धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कृषकों द्वारा धान की कटाई कराकर मिसाई के लिए खलिहान पहुंचा रहे हैं। धान की रखवाली के लिए कई किसान खलिहान में ही रात में सो रहे हैं। ऐसे में हाथी का भय लोगों में बना हुआ है।

ग्रामीणों ने जताया विरोध, अधिकारियों ने मनाया

सूचना पर वन अमला और जयनगर पुलिस मौके पर पहुंच शव पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को जब पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने आक्रोश जताकर विरोध शुरू कर दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्वजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। वन अमले ने मृतक विशुन राम के परिवार को अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपये की तत्कालिक सहायता राशि जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह नारायण सिंह की उपस्थिति में प्रदान की। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया है। घटना से क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। घटना के बाद हाथी महंगई जंगल में डेरा जमाया हुआ है।

आठ माह में 16 ग्रामीणों को मौत के घाट उतारा

जिले में आतंक का पर्याय बन चुका कबरा कान वाला हाथी पखवाड़े भर में 6 ग्रामीणों को जबकि पिछले 8 माह में 16 ग्रामीणों को मौत के घाट उतार चुका है। कबरा हाथी के बढ़ते आतंक के बाद वन अमले द्वारा उक्त हाथी को ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी पहनाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास शुरू किए जाने की जानकारी है। एसडीओ सूरजपुर वन विभाग संतोष पाण्डेय ने बताया कि वन महकमा लगातार हाथी पर नजर बनाए हुए है। हाथी के आक्रामक रुख को देखते हुए विभाग लगातार हाथी के लोकेशन पर नजर बना लोगों को सतर्क कर रही है। इधर 10 दिनों के भीतर अखोरा कला में दो लोगों की मौत, सोनगरा, सोनपुर की घटना के बाद सोमवार की रात कंदरई की घटना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

लक्ष्मणगढ़ के जंगल में मादा हाथी की मौत, 5 दिन पुराना मिला शव

उदयपुर। जिले में जहां तक एक ओर कबरा कान हाथी के आतंक से लोग दहशत में हैं, वहीं दूसरी ओर सरगुजा के उदयपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ के जंगल में करंट से हाथी की मौत की खबर सामने आई है। जंगल में एक मादा हाथी मृत अवस्था में मिलने के बाद विभाग अलर्ट मोड पर है। मौके पर पहुंची वन विभाग की एसडीओ ने बताया कि सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि जंगल में एक हाथी मृत हाल में पड़ा है। सूचना पर रेंजर के साथ टीम मौके पर पहुंची।अधिकारी के अनुसार मृत हाथी मादा है और उसकी उम्र करीब 7-8 साल है। शव से तेज बदबू आ रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत 5 से 7 दिन पहले हुई है। शव आधा किलोमीटर दूर तक बदबू दे रहा है। वेटरनरी डॉक्टर के द्वारा मृत हाथी का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मौके पर ग्रामीणों ने शरीर पर करंट के निशान होने की बात कही है, लेकिन वन विभाग ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चल पाएगा। हालांकि वन विभाग की ओर से जंगल क्षेत्र से जीआई तार भी काफी मात्रा में बरामद किया गया है, जिससे करंट प्रवाहित तार बिछाने का अंदेशा लग रहा है।

17 हाथियों के दल से बिछड़ी

एसडीओ सपना मुखर्जी ने बताया कि यह हाथी 17 हाथियों के दल से बिछड़ गई थी। दल इन दिनों लक्ष्मणगढ़ से सरमा क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन अमला दिन-रात निगरानी में लगा है। निगरानी के लिए नाइट विजन ड्रोन का भी उपयोग किया जा रहा है, लेकिन घने पेड़ों के नीचे हाथी का पता नहीं चल पाता है। ग्रामीणों की सूचना पर ही इस हाथी के शव का पता चल सका।

Share with