धूमधाम से आज मनेगी दीवाली, घरों की दहलीज पर सजेगी रंगोली

घरों की साज-सज्जा और सफाई के काम को दे रहे मूर्तरूप

अंबिकापुर। दीपों का पर्व दिपावली रविवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। धनतेरस के बाद दिपावली के आगमन का लोगों को इंतजार रहता है। इसके पहले घरों की साज-सज्जा, सफाई के काम को मूर्तरूप देने में लोग लगे हैं। खरीदी का दौर चल रहा है। शहर में खील-बताशे, दीये के साथ ही तरह-तरह के मिठाईयों की दुकानें सजी हैं। पटाखों की खरीदी भी जमकर हो रही है।

जिले भर में दिवाली धूम-धड़ाके के साथ मनाई जाएगी। घरों के दरवाजों को आकर्षक तोरण के साथ रेड़ी के पत्ते से सजाया जाएगा। घर दीपों और रंग-बिरंगे झालरों की रोशनी से जगमगाएंगे। स्कूलों की छुट्टी होने के कारण बच्चों में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घर-घर में युवतियां, महिलाओं के साथ बच्चे भी आकर्षक रंगोलियों की सज्जा धनतेरस के मौके से ही करने में लगे हैं। दीपोत्सव पर्व को लेकर बाजारों में कुछ अलग ही रौनक देखने को मिल रही है। शनिवार को सुबह से शाम तक लोग बाजारों में आर्टिफिशियल फूल-माला, दीये सहित अन्य सामग्री की खरीदारी करते रहे। रविवार को शुभ मुहूर्त में घरों, मंदिरों और प्रतिष्ठानों में भगवान श्री गणेश और माता लक्ष्मी की पूरे विधि-विधान से पूजा की जाएगी। पंचमेवा, फल, मोतीचूर के लड्डू अर्पित करके सुख-शांति और संपन्नता का आशीर्वाद भक्त मांगेंगे। पूजन के उपरांत लाई, लावा, बताशा, मिठाइयों का प्रसाद बांटा जाएगा। इसके बाद आतिशी शोर की गूंज सुनने को मिलेगी। सूर्यास्त के बाद दीप व आकर्षक झालरों से पूरा घर, आंगन जगमगा उठेगा। घरों को गेंदा फूल, आम पत्ता, केला के पौधों का तोरण बनाकर सुसज्जित किया जाएगा। दीपावली के दिन अलसुबह से फूलों की बिक्री शुरू हो जाएगी। केले के पौधों को लेकर विक्रेता रविवार को देर शाम से ही शहर में पहुंच गए थे।

महंगाई के बाद भी पटाखों की जमकर खरीदी

दिपावली पर्व की अग्रिम बधाइयों का दौर तो धनतेरस के मौके से ही शुरू हो गया है। इस बार पटाखा दुकानें भी पूर्व के वर्षों के वनिस्पत कुछ अधिक ही देखने को मिल रही हैं। पिछले वर्षों की तुलना में पटाखा का रेट ज्यादा होने के बावजूद लोग जमकर आतिशबाजी की खरीदी करने में लगे हैं। धमाकेदार और रंगीन आतिशी नजारे के लिए पसंद के पटाखों की खरीदी करने लोग आतुर हैं। बच्चों के पसंद का भी अभिभावक ख्याल रख रहे हैं।

Share with