शासकीय जमीन फर्जीवाड़े का आरोपी आजाद इराकी गिरफ्तार

अंबिकापुर। शासकीय भूमि की हेराफेरी और धोखाधड़ी करने के मामले में थाना कमलेश्वरपुर और साइबर सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी आजाद इराकी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार उमेश्वर सिंह बाज ने थाना कमलेश्वरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि के बाद कूटरचना की गई है। जांच में सामने आया कि खसरा नंबर 1378 बंदोबस्त वर्ष 1995-96 में भी शासकीय भूमि के रूप में ‘छोटे झाड़ के जंगल’ मद में ही दर्ज है, लेकिन 1954-55 के अभिलेख में इसे निजी भूमि के रूप में फर्जी प्रविष्टि तैयार की गई थी। इस मामले में तुलेश्वर गुप्ता, आजाद इराकी एवं अन्य की संलिप्तता पाए जाने पर थाना कमलेश्वरपुर में धारा 420, 467, 468, 471, 34 एवं 120(बी) भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने पूर्व में आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया था।

विवेचना के दौरान फरार आरोपी के तलाश में लगी पुलिस ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी करके आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी 43 वर्ष, निवासी मस्जिदपारा वार्ड नंबर 05 जयनगर जिला सूरजपुर को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव, एएसआई ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक विजय रवि, आरक्षक सूरज राठिया और साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक मनीष सिंह, अशोक यादव, अमन पुरी, रमेश राजवाड़े, विकास मिश्रा, जितेश साहू, राहुल केरकेट्टा सक्रिय रहे।

Share with