बांध में नहाने गया युवक गहरे पानी में डूबा, 6 घंटे बाद एसडीआरएफ ने निकाला शव

लखनपुर। थाना क्षेत्र के कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत तिरकेला के कुर्में बांध में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान रबिल खलखो पिता जुगसाय खलखो, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम तीरकेला के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 नवंबर सोमवार को दोपहर मृतक अपने साथियों के साथ बैलों को दाना खिलाने से पहले कुर्में बांध में मवेशियों को नहलाने के लिए ले गया था। मवेशियों को नहलाने के बाद वह खुद नहाने के लिए बांध के गहरे पानी में उतर गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुन्नी पुलिस चौकी में घटना की जानकारी दी। शाम हो जाने के कारण सर्च ऑपरेशन नहीं हो सका। 10 नवंबर मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। 6 घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12.30 बजे युवक के शव को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। कुन्नी पुलिस ने शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और अग्रिम जांच कर रही है। घटना के बाद से स्वजनों में शोक का माहौल है।

Share with