सीतापुर में सोनतराई से सूर तक बनेगी फोरलेन सड़क, सीएम ने किया वर्चुअल शिलान्यास

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर के लोगों को आज बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से सीतापुर शहर के अंदर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के फोरलेन चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस सड़क पर 28.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शिलान्यास कार्यक्रम सीतापुर के सांस्कृतिक भवन में आयोजित किया गया था, जहां स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो मुख्य रूप से मौजूद रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

3.82 किलोमीटर सड़क होगी फोरलेन

परियोजना के तहत वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना में NH-43 के किलोमीटर 433.850 से 437.670 तक, यानी सोनतराई से सूर तक कुल 3.82 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण होगा। इसमें सड़क के दोनों तरफ 7-7 मीटर चौड़ी डामर की सड़क बनेगी, बीच में डिवाइडर होगा। पूरी सड़क पर दोनों तरफ नाली बनाई जाएगी और रात में सुरक्षित आवागमन के लिए स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा-सड़कें विकास का आधार

वर्चुअल संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं। अच्छी सड़क से आवागमन आसान होता है और आर्थिक, सामाजिक गतिविधियां तेज होती हैं। उन्होंने कहा कि सीतापुर में एनएच-43 के फोरलेन बनने से न केवल स्थानीय लोगों को, बल्कि इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी और जाम की समस्या खत्म होगी।

विधायक टोप्पो ने जताया आभार

विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि लंबे समय से सीतापुर में फोरलेन की मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सड़क विकास को नई गति देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मानव तस्करी रोकने, नशामुक्ति और सुरक्षा के लिए वे लगातार काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में मंत्री रामविचार नेताम, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअली, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share with