सिकलसेल-थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए जर्मनी से आएगा 10 हजार जांच किट

टीएस सिंहदेव के सहयोग से महाराजा अग्रसेन भवन में नि:शुल्क एचएलवी शिविर 14 को

अंबिकापुर। सिकलसेल और थैलेसीमिया से जूझ रहे बच्चों के स्थायी इलाज की दिशा में काश फाउंडेशन ने बड़ी पहल की है। फाउंडेशन द्वारा 14 नवंबर को अंबिकापुर में नि:शुल्क एचएलवी टेस्ट एवं विशेषज्ञ परामर्श शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक महाराजा अग्रसेन भवन, खरसिया रोड अंबिकापुर में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के सहयोग से संचालित होगा।फाउंडेशन के अनुसार छत्तीसगढ़ में हजारों बच्चे इन आनुवंशिक रक्त रोगों से पीड़ित हैं। सिकलसेल में लाल रक्त कोशिकाओं का आकार बिगड़ने से असहनीय दर्द और बार-बार संक्रमण होता है, वहीं थैलेसीमिया मेजर में हर 15 से 20 दिन में खून चढ़ाने की जरूरत पड़ती है। इन दोनों बीमारियों में बोन मैरो ट्रांसप्लांट स्थायी इलाज का विकल्प है, जिसकी पहली सीढ़ी एचएलवी टेस्ट है। इस शिविर में एचएलवी जांच के लिए विशेष किट जर्मनी से मंगाई जा रही है। करीब 10 हजार रुपये की यह जांच 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए बिल्कुल मुफ्त होगी। जांच मुंह के लार से होगी, इसमें सुई नहीं लगेगी। रिपोर्ट 3 महीने में जर्मनी से आएगी। जांच के लिए पीड़ित बच्चे के साथ माता-पिता और भाई-बहनों के सैंपल लिए जाएंगे। अब तक सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर सहित आसपास के जिलों से 120 बच्चों का पंजीयन हो चुका है।

डॉ. सुनील भट्ट करेंगे बच्चों की जांच

शिविर में बेंगलुरु के नारायणा हेल्थ सिटी के प्रसिद्ध पीडियाट्रिक हेमेटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. सुनील भट्ट बच्चों की जांच करेंगे और दवाइयों, खान-पान व बोन मैरो ट्रांसप्लांट को लेकर मार्गदर्शन देंगे। ल्यूकेमिया, अप्लास्टिक एनीमिया और ब्लड कैंसर पीड़ित बच्चों को भी परामर्श मिलेगा। बता दें कि ‘कोई अपना सा हो’ ध्येय को लेकर काश फाउंडेशन पिछले 15 सालों से इस क्षेत्र में काम कर रहा है और अब तक 152 बच्चों का बोन मैरो ट्रांसप्लांट करा चुका है। इस शिविर का लाभ लेने के लिए 78790 07715, 62660 44011 में संपर्क किया जा सकता है।

Share with