स्कूटी चलाकर निकले उप मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया

शहर की सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश, स्वच्छता व्यवस्था और एसएलआरएम सेंटर का लिया जायजा।

सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवासों का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से मिलकर जानी समस्याएं

अंबिकापुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को स्वयं स्कूटी चलाकर अंबिकापुर शहर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुभाषनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एएचपी घटक के तहत बनी 493 आवासीय इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों से मुलाकात कर आवासों में मिल रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं के बारे में पूछा। साथ ही पक्का मकान मिलने के बाद उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। हितग्राहियों ने आवास मिलने पर खुशी जताई और शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन हितग्राहियों को आवास आवंटित किए गए हैं, उनका वहां निवास सुनिश्चित कराया जाए। आवासीय परिसर में साफ-सफाई, जरूरी सुविधाओं और शेष निर्माण कार्यों जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी के अलावा प्रशासनिक अधिकारी, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी व योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

केरसु तालाब की सफाई के निर्देश

शहर भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। केरसु तालाब में सफाई की आवश्यकता पाए जाने पर उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों एवं आवासीय क्षेत्रों में नियमित सफाई के साथ स्वच्छता व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर करने एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से की बातचीत

स्वच्छता दीदियों के काम की सराहनाउप मुख्यमंत्री ने डीसी रोड स्थित एसएलआरएम सेंटर पहुंचकर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रसंस्करण की व्यवस्था देखी। उन्होंने अंबिकापुर के कचरा प्रबंधन मॉडल की सराहना करते हुए कहा कि शहर में लगभग 480 स्वच्छता दीदियां घर-घर से कचरा एकत्र करने और उसके प्रबंधन का महत्वपूर्ण काम कर रही हैं। उनके प्रयासों से शहर में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था बनी है।

सड़क निर्माण/मरम्मत के काम जल्द होंगे शुरू

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अधिकारियों को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में भी इन कार्यों पर चर्चा कर जरूरी निर्देश दिए गए थे। विकास कार्यों में तेजी आने से शहरवासियों को बेहतर सड़कें और नागरिक सुविधाएं मिलेंगी।

Share with