कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान हुआ तेज

19 मंडलों में चौपाल, सिंहदेव बोले-वोटर कार्ड को नागरिकता से जोड़ रही भाजपा

अंबिकापुर। चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के अखिल भारतीय अभियान ‘वोट बचाओ देश बचाओÓ के तहत गुरूवार को सरगुजा जिले में कांग्रेस ने बड़ी ताकत दिखाई। जिले के विभिन्न संगठनिक ब्लॉकों के 19 मंडलों में एक साथ मंडल स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, एआईसीसी द्वारा नियुक्त सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व विधायक रामदेव राम, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता समेत सभी बड़े नेता मौजूद रहे।

दरिमा ब्लॉक के करजी मंडल के ग्राम बेलटिकरा में आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए एआईसीसी प्रभारी देवाशीष पटनायक ने बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा-‘सरगुजा में कांग्रेस का संगठन हर वैध मतदाता के अधिकार की रक्षा कर रहा है, चाहे वह किसी भी दल को वोट देता हो। लेकिन हर नागरिक को सतर्क रहना होगा, कहीं गृहमंत्री अमित शाह के षड्यंत्र में फंस कर आप वैध मतदाता से घुसपैठिया घोषित न हो जाएं। पटनायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयुक्त के साथ मिलकर हर उस मतदाता को वोट के अधिकार से वंचित कर रही है, जो भाजपा का समर्थक नहीं है।

वहीं अंबिकापुर के विभिन्न मंडलों में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार वोटर कार्ड को नागरिकता का आधार बनाने की कोशिश कर रही है और राशन, आयुष्मान और जमीन के पट्टे जैसी योजनाओं को इससे जोड़ने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का बयान इसकी पुष्टि करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि हर आम नागरिक को यह देखना होगा कि उसका और उसके पड़ोसी का नाम, जो सरगुजा के वैध निवासी हैं, मतदाता सूची में है या नहीं। साथ ही यह भी ध्यान देना है कि कहीं किसी गैर-निवासी व्यक्ति का नाम एक दल विशेष के चुनावी फायदे के लिए सूची में तो नहीं जोड़ दिया गया है।

नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी का सरगुजा दौरा 16 से

इसी बीच छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत के दौरे का कार्यक्रम भी जारी हो गया है। वे 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। 16 नवंबर को वे सरगुजा जिले में रहेंगे। 17 नवंबर को उदयपुर में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन वे ग्राम साल्ही में परसा कोल ब्लॉक के प्रभावितों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रेमनगर विधानसभा के ग्राम कांटारोली में बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होकर अंबिकापुर लौट आएंगे। 18 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होने के बाद वे राजपुर में बूथ स्तरीय चौपाल कर वापस लोहरदगा लौट जाएंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं के सरगुजा में मौजूद रहने की संभावना है।

Share with