तालाब में मिला लिपिक का शव, मृतक 4 दिनों से था लापता

अंबिकापुर। शहर के बाबूपारा इलाके में शुक्रवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब सेंट्रल जेल अधीक्षक के सरकारी आवास के ठीक पीछे स्थित तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरते नजर आया। तालाब में शव देखने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी खबर दी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी रितेश चौधरी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।शव का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ था और सिर्फ सिर बाहर दिखाई दे रहा था। तालाब में झाड़ियां और कचरा भरा होने के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस द्वारा शव बाहर निकालकर शिनाख्त कराई गई तो मृतक की पहचान सीताराम लकड़ा के रूप में हुई। मृतक बाबूपारा का ही रहने वाला था और कृषि विभाग, लखनपुर में सहायक ग्रेड-3, लिपिक के पद पर पदस्थ था। स्वजन ने बताया कि सीताराम पिछले 4 दिनों से घर से लापता था। वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मृतक शराब पीने का आदी था। मृतक का मकान भी घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर है।

हत्या या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच

एडिशनल एसपी रितेश चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह अनुपयोगी तालाब है जो कचरे और घास से पटा पड़ा है। आखिर मृतक वहां कैसे पहुंचा? क्या उसने खुद तालाब में छलांग लगाई या किसी ने घटना को अंजाम देकर शव को वहां फेंका? पुलिस दोनों ही एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

Share with