नशाखोरी, हुड़दंग और मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्त कार्रवाई की मांग

कैट ने नवपदस्थ सीएसपी से विविध पहलुओं पर की चर्चा

अंबिकापुर। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) सरगुजा की टीम ने शहर के नवपदस्थ नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक वसाड़े से सौजन्य मुलाकात किया। कैट के प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में हुई इस मुलाकात में शहर के कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।कैट के पदाधिकारियों ने शहर में बढ़ रही नशाखोरी, हुड़दंग और तेज रफ्तार बाइकर्स पर चिंता जताते हुए मोटरसाइकिलों में साइलेंसर बदल कर तेज आवाज करने और तेज रफ्तार में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा मल्टीपरपज स्कूल मैदान, कॉलेज मैदान, पॉलिटेक्निक मैदान और बीटीआई मैदान में रात के समय खुलेआम चल रही शराबखोरी (ओपन बार) पर प्रभावी रोक लगाने, शहर में बढ़ते नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरतने, रात में पुलिस गश्त बढ़ाने का आग्रह किया है, ताकि आम नागरिक और व्यापारी सुरक्षित महसूस करें।

सीएसपी प्रतीक वसाड़े ने कैट पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि शहर में कानून-व्यवस्था और अमन-चैन बनाए रखने के लिए पुलिस हर जरूरी कदम उठाएगी। नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर कैट के संरक्षक सुनील अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, उपाध्यक्ष सतीश अग्रवाल, मंत्री अमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजू छाबड़ा, पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और महामंत्री अभिषेक सिंह मौजूद रहे। कैट ने कहा कि सुरक्षित शहर, शांतिपूर्ण माहौल और भयमुक्त व्यापार के लिए संगठन प्रशासन के साथ हमेशा सहयोग करता रहेगा।

Share with