‘केलवा के पात पर छठी मईया आई न दुआरिया’

व्रतियों ने छठ गीत गाते बिताई रात, उदीयमान सूर्य को दिया अर्घ्य

अंबिकापुर। लोक आस्था का महापर्व छठ जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे संभाग में भक्तिभाव के साथ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। छठ घाटों में इस दौरान मेले जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ घाट में उमड़ी। कई श्रद्धालु अलसुबह घर से दंडवत होते छठ घाट तक पहुंचे। इस दौरान इनके परिवार के लोग भी उपस्थित थे। ठंड के बीच छठ घाट पर पहुंचे व्रतियों ने नदी, तालाबों में उतरकर स्नान किया। इसके बाद पानी में ही खड़े होकर दोनों हाथ से प्रसाद से भरे सूप को पकड़कर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। परिवार के सदस्यों ने लोटा में पानी और दूध से व्रतियों को अर्घ्य दिलाया। इस दौरान आतिशी नजारा भी घाटों में देखने को मिला।

लोक आस्था के महापर्व छठ को मनाने व्रतियों की संख्या प्रतिवर्ष बढ़ रही है। व्रतियों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच छठ घाटों में भी वृद्धि हुई है। शहर के प्रमुख शंकर घाट स्थित छठ घाट में प्रतिवर्ष काफी संख्या में व्रती पहुंचे। यहां महामाया छठ पूजा सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय छठ पूजा के लिए भव्य तैयारियां की गई थी। इसी तरह शहर से लगे घुनघुट्टा नदी तट पर हजारों व्रतियों ने अर्घ्य दिया। इसके अलावा पैलेस छठ घाट, श्री राम घाट बिलासपुर रोड, जेल तालाब में भी छठ व्रतियों की काफी संख्या में सपरिवार मौजूदगी रही। खैरबार नहरपारा, शिवधारी तालाब सहित अन्य घाटों में अलसुबह से व्रती अपने परिवार के साथ पहुंचे। रविवार की शाम से ही महिलाएं छठी मइया का गीत गाते व पुरुष सिर में सूपा व दउरा रखकर नंगे पैर घाट पहुंचे। शाम को अर्घ्य देने के बाद कई छठ व्रती पूरी रात घाट पर ही डटे रहे। रात भर उत्साहपूर्ण माहौल में सभी घाटों में व्रतियों ने गुलाबी ठंड के बीच स्नान करके सूर्योदय होने का इंतजार किया। जैसे ही सूर्यदेव का दर्शन हुआ, चहुंओर छठ मैया की जयकार होने लगी। पटाखों की गूंज से घाट-तालाब गूंजने लगे। श्रद्धालुओं ने उगते भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। इसके साथ 36 घंटे के कठिन उपवास का समापन हुआ। छठ घाटों में सुरक्षा के मद्देनजर पुरी रात पुलिस मुस्तैद रही।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सिंहदेव पहुंचे छठ घाट, दी शुभकामनाएं

लोक आस्था के महापर्व छठ के मौके पर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी घाटों पर पहुंचे। उन्होंने घाटों का भ्रमण करके छठ व्रतियों से मुलाकात की, फल, वितरण किया और सभी को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। छठ घाटों पर शाम का अर्घ्य और सुबह के उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटे श्रद्धालुओं के बीच सिंहदेव ने कहा कि छठ सिर्फ पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व हमें संयम, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। बिहार, उत्तर प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ और सरगुजा अंचल में इसकी बढ़ती लोकप्रियता लोक आस्था की शक्ति को दर्शाती है। उन्होंने व्रतधारी माताओं-बहनों के कठिन निर्जला व्रत को नमन किया। उन्होंने सभी के मंगलमय जीवन और क्षेत्र की खुशहाली के लिए सूर्यदेव और छठी मैया से प्रार्थना की। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Share with