‘ऑपरेशन कबरा कान’: चौथे दिन भी टीम को नहीं मिली सफलता

ड्रोन और ‘तीरथ-दुर्योधन’ के साथ करते रहे तलाश, दहशत में 20 स्कूल बंद

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले में आतंक का पर्याय बने, 19 लोगों की जान लेने वाले ‘कबरा कान हाथी’ को पकड़ने के लिए चलाया जा रहा ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी रहा। वन विभाग के 50 से अधिक कर्मियों की टीम, ट्रैकर और डॉक्टरों का दल लगातार जंगल में कबरा की घेराबंदी में जुटा है।

अविभाजित सरगुजा में दहशत का दूसरा नाम बन चुका नर हाथी कबरा चौथे दिन भी वन विभाग को चकमा दे गया। सोमवार को उसे बेहोश करने के लिए वन विभाग ने बड़ा ऑपरेशन चलाया। दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी तीरथ राम और दुर्योधन के साथ डॉक्टरों और एक्सपर्ट की टीम तेंदुटिकरा के घने जंगल में उतरी। करीब 2 घंटे तक सर्चिंग और घेराबंदी चली, लेकिन कबरा झुंड के बीच से अलग नहीं हुआ, इसलिए टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि, जंगल में हाथी दो दल में बंट गए हैं। टीम ने पहले दल को स्कैन किया, उसमें कबरा नहीं था। दूसरा दल घने झाड़ में था, जहां ट्रैंकुलाइज करना रिस्की था। ऐसे में टीम ने जान जोखिम में न डालते हुए ऑपरेशन टाल दिया। मंगलवार को फिर से प्रयास किया जाएगा।

17 हाथियों के झुंड में छिपा है कबरा

वन विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती कबरा हाथी के 17 हाथियों के एक बड़े झुंड में शामिल होना है। इससे उसे चिन्हित कर ट्रैंकुलाइज करना और भी मुश्किल हो गया है। भीड़ में अचूक निशाना लगाना जोखिम भरा है, इसलिए टीम सावधानी बरत रही रही है। झुंड के बीच डार्ट मिस होने या किसी दूसरे हाथी के आक्रामक होने का खतरा है। देर शाम हाथियों का दल तेंदुटिकरा से निकलकर सुखरी भंडार और सायर जंगल की ओर बढ़ने की सूचना मिली है। वन अमला लगातार ड्रोन और फुट ट्रैकिंग से मूवमेंट पर नजर रखे है।

सड़क बंद, 20 स्कूलों में लगा ताला

ऑपरेशन के दौरान एहतियातन पेंडरखी से चकेरी जाने वाली सड़क को कई घंटे तक बंद रखा गया। टीम के वापस आने के बाद ही आवाजाही शुरू हुई। वहीं ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए सरमा, बासेन, चकेरी समेत उदयपुर रेंज के 20 स्कूलों को सोमवार को भी बंद रखा गया। लगातार स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि कोई भी हाथी दल के पास न जाए और रात में जंगल की ओर जाने से बचे।

Share with