स्कार्पियो सवार युवकों ने शराब के नशे में मचाया कहर

03 बाइकों को कुचला, 07 किमी दूर जाकर पलटी वाहन, 01 की मौत, 01 घायल

उदयपुर। थाना क्षेत्र में रविवार शाम शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से जमकर कहर बरपाया। अंबिकापुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो सवारों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में खड़ी 3 मोटरसाइकिलों को कुचल दिया और फरार हो गए। करीब 7 किलोमीटर दूर जाकर वाहन पलट गई। हादसे में ग्राम केदमा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम परोगिया निवासी घरभरन यादव अपनी बहन को लेने ग्राम बिनिया निवासी नन्दलाल यादव के यहां गया था। साथ में गांव के राजमंत्री नामक व्यक्ति की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 15 डीई 3846 को बुकिंग पर ले गया था। स्कार्पियो वाहन में सवार तीनों युवक राहुल, घरभरन और सनी शराब के नशे में थे, इस कारण ससुराल पक्ष ने बिदाई करने से मना कर दिया। इसके बाद तीनों ने अपने जीजा से विवाद कर लिया। मामला कुन्नी चौकी तक पहुंचा। शाम करीब 7 बजे पुलिस ने समझाइश देकर उन्हें छोड़ दिया।

चौकी से छूटने के बाद फिर पी शराब

पुलिस चौकी से छूटने के बाद तीनों युवक लखनपुर गए और वहां फिर अंग्रेजी शराब का सेवन किए। इसके बाद मुख्यमार्ग से उदयपुर की ओर करीब 100 की रफ्तार से स्कॉर्पियो दौड़ाते हुए 2-3 स्कूटर और मोटरसाइकिलों को ठोकर मारते हुए चले गए। गनीमत रही कि कई राहगीर बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस और लोगों की भीड़ जुट गई और आवागमन ठप हो गया। लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

भागते समय स्कार्पियो वाहन पलटी

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो रामगढ़-लक्ष्मणगढ़ मार्ग पर सानीबर्रा के झेरा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सवार ग्राम केदमा निवासी राहुल यादव और सनी यादव का हाथ-पैर टूट गया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उदयपुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान राहुल यादव की मौत हो गई। मौत की खबर से गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्तकर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share with