ट्रैंकुलाइज के बाद कबरा कान हाथी को रेडियो कॉलर पहनाकर जंगल में छोड़ा

19 मौतों के जिम्मेदार हाथी को काबू में करने आतिशबाजी करके झुंड को बिखेरा गया

अंबिकापुर। छह माह में तीन जिलों में 19 लोगों को कुचलकर मारने वाले खूंखार कबरा कान हाथी को आखिरकार वन विभाग व ट्रैंकुलाइज टीम ने छठवें दिन काबू में कर लिया। छह दिन तक चले लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद बुधवार को उसे ट्रैंकुलाइज किया गया। उम्मीद थी कि उसे पकड़कर रमकोला रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा, लेकिन विभाग ने हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाकर फिर से उसी जंगल में छोड़ दिया। इस फैसले से उदयपुर समेत आसपास के गांवों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ गई है। हाथी कब, किस गांव में घुस जाए, इसका कोई भरोसा नहीं। ग्रामीणों का मानना है कि, रेडियो कॉलर लगाने से जान का खतरा खत्म नहीं होगा, इसे रमकोला ले जाना ही उचित होगा। इस पूरे ऑपरेशन में डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल, डिप्टी डायरेक्टर एलिफेंट रिजर्व सौरभ सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में वनकर्मी, ट्रैकर और पुलिस बल तैनात रहे।

झुंड में छिपा था, कुमकी हाथियों ने घेरा

कबरा हाथी पिछले कई दिनों से बलरामपुर, सूरजपुर और सरगुजा की सीमा पर आतंक मचाए हुए था। वह 17 हाथियों के झुंड के साथ उदयपुर वन परिक्षेत्र में घूम रहा था। झुंड के बीच होने की वजह से पांच दिन तक वन विभाग की टीम उसे निशाना नहीं बना पाई। बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे टीम कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन को लेकर जंगल में उतरी। रामगढ़ पहाड़ी के नीचे आतिशबाजी कर झुंड को बिखेरा गया और कबरा को अलग किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12.30 बजे ट्रैंकुलाइजर गन से डार्ट मारा गया। डार्ट लगते ही वह धीरे-धीरे बेहोश होने लगा और टीम ने उसे घेर लिया।

कॉलर से लोकेशन मिलने का दावा

बेहोश हाथी के पास सीसीएफ वन्यजीव डॉ. प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम पहुंची। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर पहनाया गया। विभाग का दावा है कि अब सैटेलाइट के जरिए उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और गांव के पास आते ही अलर्ट जारी कर दिया जाएगा। लेकिन ग्रामीण इस दावे से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि पहले भी लोकेशन मिलने के बाद भी सूचना देर से मिलती थी। मांग की जा रही है कि कबरा कान हाथी को स्थायी रूप से रेस्क्यू सेंटर में रखा जाए।

तीन दिन तक होगा व्यवहार का अध्ययन

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अगले तीन दिन तक वाइल्ड लाइफ की विशेष टीम कबरा के व्यवहार, चाल-ढाल और झुंड से अलग रहने की प्रवृत्ति का अध्ययन करेगी। वह आक्रामक है या अब शांत हो रहा है, इसी आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। अगर वह फिर हमलावर हुआ तो उसे पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजने पर विचार होगा। अभियान के बाद कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन को वापस भेज दिया गया। फिलहाल कबरा हाथी जंगल में है, लेकिन उसके गर्दन में लगाया गया कॉलर वन विभाग को पल-पल की खबर दे रहा है। ग्रामीणों की नजर अब अगले तीन दिन के अध्ययन पर टिकी है।

झापी नाला के पास आधे घंटे तक सड़क पर डटा रहा दंतैल

जरही। अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर एक अन्य दंतैल हाथी की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार शाम करीब 5.30 बजे सोनगरा जंगल के झापी नाला के पास एक दंतैल हाथी अचानक सड़क पर पहुंच गया और करीब आधे घंटे तक मार्ग पर ही खड़ा रहा। हाथी को सड़क पर खड़ा देखकर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहन चालकों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। जंगल के बीच मुख्य मार्ग पर हाथी की मौजूदगी के कारण लोग आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कई वाहन चालक सुरक्षित दूरी बनाकर हाथी के सड़क से हटने का इंतजार करते रहे। करीब आधे घंटे तक हाथी की मौजूदगी के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दंतैल हाथी की मौजूदगी ने एक बार फिर वन क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Share with