19 जानें ले चुका कबरा कान हाथी फिर आबादी के मुहाने पर

हाईवे से सिर्फ 800 मीटर दूर उदयपुर में दहशत

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा का खौफनाक कबरा हाथी फिर लोगों की नींद उड़ा गया है। 19 लोगों को कुचल चुका ये हाथी अब उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने वाले जंगल में डेरा डाले हुए है। सबसे खतरनाक बात ये है कि ये जगह अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे से महज 800 मीटर दूर है। हाथी के इतना करीब आ जाने से पूरा इलाका दहशत में है।वन विभाग ने खतरे को देखते हुए उदयपुर से सलका जाने वाला रास्ता तुरंत बंद कर दिया है। गांवों में मुनादी करा दी गई है। लोगों को साफ कह दिया गया है कि जंगल की तरफ बिल्कुल न जाएं। इसके बाद भी इलाके के लोग दहशत में हैं। ठंड के साथ बारिश के बीच इनकी हालत ऐसी है कि वे न तो घर के अंदर सुकून महसूस कर रहे हैं, न ही बाहर। वन विभाग के निर्देश और निगरानी के बीच कहीं अनहोनी की स्थिति न बने इसे लेकर पशोपेश की स्थिति बनी हुई है।

6 दिन की जद्दोजहद के बाद पकड़ा गया

कबरा को काबू में करना वन विभाग के लिए आसान नहीं था। उदयपुर वन परिक्षेत्र में उसे ट्रेंकुलाइज करने के लिए टीम को पूरे 6 दिन तक जंगल में खाक छाननी पड़ी। आखिरकार टीम को कामयाबी मिली। बेहोश कर उसके गले में कॉलर आईडी लगाई गई।।रेस्क्यू के बाद उसे दो दिन तक जंजीरों से बांधकर जंगल में ही रखा गया। इसी दौरान उसके साथ चल रहा 17 हाथियों का दल आगे निकल गया। तब दल कबरा से करीब 2 किलोमीटर दूर था। कल ही उसे जंजीरों से आजाद कर जंगल की ओर छोड़ा गया था।

अब दल से 15 किलोमीटर दूर अकेले कबरा

आजाद होते ही कबरा फिर अकेला पड़ गया। अब 17 हाथियों का दल उससे करीब 15 किलोमीटर दूर जा चुका है। अकेलेपन में कबरा का गुस्सा और ज्यादा खतरनाक माना जा रहा है। शनिवार सुबह जब उसकी लोकेशन उदयपुर जनपद कार्यालय के सामने जंगल में मिली तो वन विभाग के भी हाथ-पैर फूल गए। हाईवे और आबादी के इतने करीब हाथी का आना किसी बड़ी अनहोनी का संकेत माना जा रहा है। यही वजह है कि विभाग ने कोई रिस्क नहीं लिया है।

ड्रोन से रखी जा रही नजर

वन विभाग की टीम अब कॉलर आईडी और ड्रोन कैमरे से कबरा की हर हरकत पर नजर रख रही है। टीम लगातार उसकी लोकेशन ट्रैक कर रही है। आसपास के गांवों में ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कबरा अपने दल में वापस नहीं मिल जाता, तब तक खतरा टला नहीं है। अकेला हाथी कभी भी आबादी में घुस सकता है। विभाग का कहना है कि स्थिति पर पूरी नजर है और लोगों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। फिलहाल उदयपुर-सलका मार्ग बंद है। कबरा की अगली चाल पर सबकी नजर टिकी है।

Share with