गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक हर्षोल्लास मनाया गया

अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समाज के लोगों ने गुरुद्वारा में टेका मत्था

अंबिकापुर। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संपूर्ण मानवता को सत्य, समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व शहर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा साहिब में तन-मन-धन से सेवा करते हुए धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में सिख संगत सहित शहर के विभिन्न समाज के गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोमा श्रीवास्तव और एसडीएम बंध सिंह नेताम ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर शीश नवाया और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, नगर निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, निश्चल सिंह, ललन प्रताप सिंह, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद शशिकांत जायसवाल, रविकांत उरांव, जन्मेजय मिश्रा, विजय सोनी, जिला महामंत्री अरुणा सिंह, पार्षद शैलेश सिंह, मेराज रंगरेज, पपिंदर सिंह विलखु, एल्डरमैन तजिंदर सिंह बग्गा सहित शहर के अनेक राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की प्रबंधक समिति की ओर से प्रधान सरदार गुरचरण सिंह छाबड़ा, प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष, सचिव डॉ. हर्षदीप सिंह धंजल, कोषाध्यक्ष सरदार प्रितपाल सिंह मठारू एवं सदस्यगण इस मौके पर उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों, वरिष्ठ सदस्यों ने प्रकाश पर्व के सफल आयोजन में तन-मन-धन से अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर शहर सिख संगत, सिंधी समाज, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा अन्य समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी ने गुरु साहिब के समक्ष शीश नवाकर मानवता, सद्भावना, सेवा एवं आपसी भाईचारे के संदेश को आत्मसात किया। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने प्रकाश पर्व के इस अवसर पर सभी का आभार व्यक्त किया।

Share with