बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवारों को रौंदा, 2 नर्सिंग छात्राओं समेत 3 की मौत

इलाज कराकर घर लौट रहे थे तीनों, इमली गोलाई बना मौत का मोड़

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कलेक्टोरेट परिसर के पास इमली गोलाई में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो नर्सिंग छात्राओं और एक युवक को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही ग्राम नौगई में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतकों की पहचान नौगई निवासी भुवन सिंह (24), भूमिका (18) और प्रमिला (18) के रूप में हुई है। भूमिका और प्रमिला नर्सिंग की छात्राएं थीं। बताया गया है कि तीनों मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में इलाज कराने गए थे। डॉक्टर से परामर्श और उपचार के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे इमली गोलाई के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए। हादसे में दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाया और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। तीन युवाओं की मौत की खबर गांव पहुंचते ही वहां सन्नाटा छा गया। सूचना मिलने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस हादसे के बाद इमली गोलाई की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील बना हुआ है। यहां पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है, फिर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने मांग की है कि इमली गोलाई को दुर्घटना संभावित क्षेत्र घोषित कर वहां चेतावनी संकेतक, डेंजर जोन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रात में दिखने वाले संकेत और गति नियंत्रण के उपाय किए जाएं। लोगों का सवाल है कि आखिर कितनी जिंदगियां जाने के बाद प्रशासन इस खतरनाक मोड़ पर जागेगा।

Share with