शहर में सघन पैदल मार्च, गलत पार्किंग पर कटा चालान

दुकानदारों को सीसीटीव्ही दुरूस्त रखने और सड़क तक अतिक्रमण पर सख्त हिदायत

अंबिकापुर। शहर में सुगम यातायात, सुदृढ़ कानून, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरगुजा पुलिस ने सोमवार की शाम बड़ा अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौक-चौराहों और वाणिज्यिक क्षेत्रों में सघन पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा। पैदल मार्च का नेतृत्व राजपत्रित पुलिस अधिकारी ने किया। इसमें थाना कोतवाली और यातायात शाखा की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने शहर के संवेदनशील स्थलों, बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर ही यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों का जायजा लिया और उन्हें दूर करने के निर्देश दिए।

मार्च के दौरान पुलिस ने दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से सीधा संवाद किया। उन्हें अपने व्यावसायिक परिसरों के मुख्य द्वार, भीतर और सड़क की ओर मुख किए हुए उच्च गुणवत्ता के सीसीटीव्ही कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की हिदायत दी गई। पुलिस ने कहा कि कैमरे हमेशा चालू अवस्था में रहें, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की स्थिति में तुरंत साक्ष्य मिल सकें। इसके साथ ही बाजार और मुख्य सड़कों के किनारे दुकान का सामान फैलाने वाले दुकानदारों को सामान अंदर रखने की समझाइश दी गई। पुलिस ने स्पष्ट कहा कि सामान सड़क, नाली या फुटपाथ पर न फैलाएं, ताकि पैदल राहगीरों को परेशानी न हो और सड़क की चौड़ाई बाधित न हो। मुख्य मार्गों और व्यवसायिक क्षेत्रों में बेतरतीब और लापरवाहीपूर्वक खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। जाम की समस्या पैदा कर रहे वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई और भविष्य में निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस अभियान में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन, डीएसपी यातायात डीके सिंह, डीएसपी राकेश बघेल, निरीक्षक सोमेश सिंह, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस ने शहरवासियों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन व्यवस्थित जगह पर खड़ा करें और अतिक्रमण से बचें। पुलिस ने कहा कि शांति, सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Share with