ज्वेलरी दुकान में चोरी का पर्दाफास, झाड़ियों से आर्टिफिशियल हार और झुमका बरामद

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस को ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया गया है।मामला बीते 29-30 सितंबरकी रात का है। निधि सोनी निवासी नवापारा, नेहरू छात्रावास के पीछे, थाना गांधीनगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनकी ज्वेलरी दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और चांदी के 15 ब्रेसलेट और आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी करके ले गया। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई थी। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर से सूचना के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवांग चौहान उर्फ राहुल पिता स्व. इन्द्रजीत चौहान 20 वर्ष, निवासी सोनी मुहल्ला तालाब के पास गांधीनगर बताया।

बारीकी से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए ज्वेलरी में से एक आर्टिफिशियल हार और कान का झुमका एक जोड़ी बरामद किया गया। आरोपी ने इन्हें झाड़ियों में छुपाकर रखा था। पुलिस ने बरामद सामान को जप्त कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है। इस वजह से प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों और बाकी ज्वेलरी की पतासाजी के लिए लगातार कार्रवाइ र् जारी है। पुलिस टीम अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास कर रही है।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह, सहायक उप निरीक्षक वीरेंद्र कुजूर, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, राहुल सिंह और रमन मण्डल सक्रिय रहे।

Share with