कुमकी हाथियों का 15 दिन का मिशन सफल, घर लौट रही टीम के चेहरे पर दिखी खुशी

उपद्रवी हाथी को रेस्क्यू करके 17 हाथियों के दल में मिलाया, अब व्यवहार पूरी तरह सामान्य

अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा संभाग में पिछले कई दिनों से हाथियों के आतंक और मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन आखिरकार सफलता के साथ पूरा हो गया। कुमकी हाथियों के साथ आई वन विभाग की विशेष टीम ने उपद्रवी हाथी का सफलता पूर्वक रेस्क्यू करके उसे 17 हाथियों के दल में मिला दिया है। करीब 15 दिन तक घर से दूर रहकर जंगल में डेरा डालने के बाद अब टीम की घर वापसी हो रही है। वापसी से पहले टीम के सदस्य कामेश्वर प्रसाद गिरी ने पत्रकारों को पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी।

कामेश्वर प्रसाद गिरी ने बताया कि वे कुमकी हाथी तीरथराम, दुर्योधन के साथ कबरा कान हाथी का रेस्क्यू करने के लिए आए थे। इस क्षेत्र में हाथी की वजह से लंबे समय से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। लोग रात में घरों से निकलने में भी डरते थे। वन विभाग ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कुमकी हाथियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि जिस दिन से हमारी टीम यहां आई, उसी दिन से कबरा कांड शांत हो गया और रेस्क्यू भी सफल हुआ। यह टीम के लिए सबसे बड़ी राहत की बात थी। कुमकी हाथियों की मौजूदगी से ही उपद्रवी हाथी को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली।

कामेश्वर गिरी ने बताया कि रेस्क्यू के बाद उपद्रवी हाथी को अब 17 हाथियों के दल में मिला दिया गया है। वन विभाग के स्टाफ लगातार उस पर नजर रखे हुए है। वह हाथी अब दल में पूरी तरह घुल-मिल गया है। उसका व्यवहार भी अब बिल्कुल सामान्य है। वह दल के साथ ही चल रहा है, खा रहा है और आराम कर रहा है। टीम ने रेस्क्यू के बाद भी जल्दबाजी नहीं की। उन्होंने 2 से 3 दिन तक इंतजार किया, ताकि यह देखा जा सके कि उसके व्यवहार में कोई और परिवर्तन तो नहीं हो रहा है। लगातार निगरानी के बाद यह पाया गया कि वह पूरी तरह शांत हो गया है और अब उससे ग्रामीणों को कोई खतरा नहीं है। इसके बाद ही टीम को घर जाने की अनुमति मिली।

करीब 15 दिन तक घर से दूर रहने के बाद टीम के सदस्यों के चेहरे पर घर लौटने की खुशी झलक रही थी। कामेश्वर ने कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है। लगभग 15 दिन हो गए, घर से दूर रहे। अब घर जाने का मौका मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इन 15 दिनों में टीम ने दिन-रात एक कर दिया। जंगल में रहना, हाथियों की देखभाल करना और ऑपरेशन को सफल बनाना आसान काम नहीं था, लेकिन टीम के सभी सदस्यों ने पूरी निष्ठा और साहस के साथ काम किया। अंत में उन्होंने जय जोहार, जय छत्तीसगढ़ कहकर अपनी बात पूरी की। उनके साथ खड़े अन्य वनकर्मियों के चेहरे पर भी मुस्कान थी। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुमकी हाथियों की मदद से इस तरह के रेस्क्यू ऑपरेशन में मानव और हाथी दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाती है। इस सफलता से ग्रामीणों में भी राहत की सांस ली है और अब वे फिर से अपने खेतों और घरों में निश्चिंत होकर रह सकेंगे।

Share with