शराब घोटाला: दुबई से आरोपी विकास अग्रवाल को लाने रवाना हुई EOW की टीम, 28 नवंबर तक भारत लाने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित करीब 3200 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में फरार आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।ACB-EOW श्वह्रङ्ख की विशेष टीम दुबई पहुंची है, जहां आरोपी के प्रत्यर्पण से जुड़ी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। टीम का नेतृत्व IG अमरेश मिश्रा कर रहे हैं। इसमेंDSP राहुल शर्मा, रोशन आहूजा समेत तीनDSP शामिल हैं। जांच एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक सुब्बू को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जाए।

बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी की ओर से आरोपी को लाने के लिए विदेश में इस तरह की कार्रवाई पहली बार की जा रही है। EOW ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया के लिए जरूरी दस्तावेज पहले ही तैयार कर लिए थे। दस्तावेजों का अरबी और अंग्रेजी में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर विकास अग्रवाल को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ EOW की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है।

शराब सिंडिकेट के पार्ट B- नेटवर्क से जुड़ी भूमिका का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में केवल आर्थिक लेन-देन का हिसाब रखने तक सीमित नहीं था, बल्कि सरकारी शराब दुकानों में कथित अवैध शराब बिक्री के नेटवर्क से भी जुड़ा था। घोटाले के कारोबार को पार्टA पार्ट-B और पार्ट-C में विभाजित किया गया था। आरोप है कि पार्ट-B के तहत सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का नेटवर्क उसके जिम्मे था।

जांच में आरोप लगाया गया है कि डुप्लीकेट होलोग्राम वाली शराब की पेटियां फैक्ट्रियों से सीधे सरकारी दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं। कथित तौर पर इनके लिए अलग गल्ले रखे जाते थे और सरकारी शराब कारोबार के समानांतर अवैध बिक्री का तंत्र संचालित किया जा रहा था। एजेंसियों को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, सप्लाई व्यवस्था और कथित वसूली की रकम के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

सराफा कारोबार से शराब सिंडिकेट तक पहुंचा

विकास अग्रवाल पहले सराफा कारोबार से जुड़ा बताया जाता है। बाद में वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे शराब सिंडिकेट में उसकी भूमिका बढऩे का आरोप है। रायपुर के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से जुड़ी मैनपावर सप्लाई कंपनी सुमित फैसिलिटीज का काम भी उसने संभाला था।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब कारोबार से जुड़े सिंडिकेट में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गई थी। डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंस धारकों से कथित कमीशन वसूली का हिसाब रखने और शराब कारोबार के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली अवैध कमाई के प्रबंधन में उसकी भागीदारी बताई गई है।

1200 करोड़ रुपये हवाला के जरिए दुबई भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के अनुसार, शराब सिंडिकेट से अर्जित कथित अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजा गया। आरोप है कि विकास अग्रवाल ने लगभग 1200 करोड़ रुपये हवाला के माध्यम से दुबई पहुंचाए थे। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते भारत से विदेश गया था और बाद में परिवार को भी EDबुला लिया था।

एजेंसियां अब विदेश भेजी गई रकम के लेन-देन, उसके इस्तेमाल और अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। भारत आने के बाद पूछताछ में इस वित्तीय नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं की जांच किए जाने की संभावना है।

फ्लैटों में नकदी रखने और संपत्ति से जुड़े आरोप

जांच में रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसायटी में दो फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई थी। एजेंसियों का आरोप है कि इन फ्लैटों का इस्तेमाल कथित घोटाले की नकदी रखने के लिए किया जाता था। वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में रखे जाने का दावा भी जांच में किया गया है। वहीं, तीन मई को बिलासपुर में विकास अग्रवाल के भाई विवेक अग्रवाल के घर ED ने तलाशी ली थी। इस दौरान सोना, चांदी और नकदी मिलने की जानकारी सामने आई थी। जांच एजेंसियों को बरामद संपत्ति के शराब सिंडिकेट से जुड़े होने का संदेह है।

विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज

छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों में विदेश में छिपे आरोपियों के खिलाफ यह एक और अहम कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले महादेव सट्टा एप मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रवि उप्पल को भारत लाने की प्रक्रिया को लेकर भी जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं।

सुब्बू को भारत लाने के बाद शराब घोटाले की जांच में अवैध शराब बिक्री, कथित कमीशन वसूली, हवाला नेटवर्क और सिंडिकेट के अंतिम लाभार्थियों से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जा सकती है।

शराब घोटाले की जांच में अब तक कई राजनीतिक और प्रशासनिक व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया, पूर्व IAS अनिल टुटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल सहित अन्य नाम शामिल हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, केके श्रीवास्तव को छोड़कर मामले के अन्य प्रमुख आरोपी जमानत पर बाहर हैं।

विकास अग्रवाल की भारत वापसी के बाद जांच एजेंसियों के सामने कथित आर्थिक नेटवर्क की कडिय़ों को जोडऩे और अवैध कमाई के अंतिम लाभार्थियों का पता लगाने की चुनौती होगी।

Share with