कुसुवामुड़ा-सुखरी भंडार और बिच्छलघाटी क्षेत्र में 18 हाथियों के दल का डेरा

कबरा हाथी आधी रात तक बस्ती के करीब मंडराते रहा, कई गांवों में अलर्ट

उदयपुर। वन परिक्षेत्र उदयपुर में हाथियों की हलचल लगातार बनी हुई है और इससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। बीती रात सुखरी भंडार गौठान के पास 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा था। इसी दौरान गन्ने की बाड़ी से निकलकर कबरा हाथी सहित दो हाथी मुख्य दल से अलग होकर विचरण करने लगे। दोनों हाथियों के बस्ती की ओर बढ़ने से वन विभाग के अमले की चिंता बढ़ गई।बताया जा रहा है कि कबरा हाथी आधी रात तक बस्ती के करीब मंडराता रहा। वनकर्मियों को दोनों हाथियों को बस्ती से दूर खदेड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। वन अमले ने पूरी रात निगरानी की और आधी रात के बाद दोनों हाथियों को आबादी क्षेत्र से दूर करने में सफलता मिली। वन विभाग की इस सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन ग्रामीणों की रात दहशत में कटी। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में 17 हाथियों के साथ कबरा हाथी यानी कुल 18 हाथी (17+1) एक साथ विचरण कर रहे हैं। पहले ये हाथी कक्ष क्रमांक पी-2064 में एक साथ देखे गए थे, वहीं अब ये दल कुसुवामुड़ा-सुखरी भंडार और बिच्छलघाटी क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। हाथियों के एक साथ विचरण करने से आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने की जरूरत और बढ़ गई है। वन विभाग ने हाथियों के आगे बढ़ने की संभावित दिशा को देखते हुए कई गांवों में अलर्ट जारी किया है। जिन गांवों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है, उनमें सत्तीमुड़ा, चकेरी, सुखरी भंडार, बिच्छलघाटी, लक्ष्मणगढ़, तेंदुटिकरा, सायर, पण्डो कॉलोनी और सानीबर्रा एवं आसपास के गांव शामिल हैं। वन अमला इन गांवों में लगातार मुनादी कराकर लोगों को जागरूक कर रहा है।

आलू की फसल चट कर गए

हाथियों के इस दल ने किसानों को भी नुकसान पहुंचाया है। एक किसान की तैयार आलू की फसल को हाथियों ने पूरी तरह चट कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार किसान को लगभग पचास हजार रुपए का नुकसान हुआ है। यह घटना ग्रामीणों के लिए दोहरी मार है, क्योंकि एक ओर फसल का नुकसान और दूसरी ओर जान का खतरा बना हुआ है। किसानों ने वन विभाग से फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

वन विभाग ने सतर्क रहने कहा

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए सभी सजग और सतर्क रहें। हाथियों के पीछे बिल्कुल न जाएं, नजदीक जाकर फोटो-वीडियो बनाने या उन्हें घेरने-भगाने की कोशिश न करें। रात के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से बचें। हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय पर टीम पहुंच सके। वन विभाग का कहना है कि हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। वनकर्मी दल के साथ-साथ चल रहे हैं और गांव-गांव में सूचना दी जा रही है। ग्रामीणों की एक छोटी सी सावधानी बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है, इसलिए सभी से सहयोग की अपील की गई है।

Share with