साइबर ठगी के म्यूल अकाउंट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 8 राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें

अंबिकापुर। साइबर फ्रॉड के उद्देश्य से म्यूल अकाउंट मामलों में थाना कोतवाली पुलिस टीम ने दो अलग-अलग प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा है। दोनों के खातों का उपयोग साइबर ठगी में किया गया था, इनके विरुद्ध देश के 8 राज्यों में विभिन्न ऑनलाइन शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूची अनुसार फर्जी मोबाइल नंबर जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल्स एवं म्यूल अकाउंट खाता धारकों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई किए जाने के संबंध में पुलिस मुख्यालय रायपुर से दिशा-निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा, सियाराम मरावी, आरक्षक हरिनाम सिंह, अनुग्रस लकड़ा, प्रवीण खलखो, राजीव एक्का, बिजेंद्र पैकरा सक्रिय रहे।

अधिक पैसे के लालच में आकर दे दिया बैंक खाता

पहले प्रकरण में एचडीएफसी बैंक खाते के विरुद्ध साइबर पुलिस पोर्टल में तमिलनाडु, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश एवं राजस्थान राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज होना तथा उक्त खाते में अवैध राशि छलपूर्वक प्राप्त करने हेतु बैंक खाते का उपयोग षड्यंत्रपूर्वक किया जाना पाया गया। इस पर थाना कोतवाली में धारा 420 भा.दं.सं. के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना में आरोपी मनोहर लाल तिग्गा पिता श्रीनाथ तिग्गा 25 वर्ष, निवासी जराकेला तुतपारा बरगीडीह, थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2023 में अंबिकापुर में काम की तलाश के दौरान अपने दोस्त के माध्यम से एमजी रोड स्थित स्मार्ट प्वाइंट के ऊपर वर्चुअल फैशन प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के ऑफिस गया था, जहां उसने फॉर्म भरकर अपना फोटो, आधार कार्ड, कक्षा 12वीं की मार्कशीट, पैनकार्ड व एचडीएफसी बैंक खाते की छायाप्रति एवं 200 रुपये शुल्क जमा किए थे। आरोपी ने अधिक पैसे के लालच में आकर अपना बैंक अकाउंट देना बताया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

वेरिफिकेशन के लिए एटीएम कार्ड कूरियर से भेजा

दूसरे प्रकरण में म्यूल खाते के विरुद्ध आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल राज्यों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज होना पाया गया। इस पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी विकास लकड़ा पिता सुरेश लकड़ा 40 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुर तेन्दुपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि जुलाई-अगस्त 2024 में फेसबुक पर 5 रुपये के ट्रैक्टर छाप नोट के बदले एक लाख रुपये मिलने के विज्ञापन के झांसे में आकर उसने एक अज्ञात कॉलर, जो स्वयं को आरबीआई से बताता था, के कहने पर अगस्त 2024 में पंजाब नेशनल बैंक में, सितंबर 2024 में केनरा बैंक में खाते खुलवाया और दोनों खातों में सामने वाले के द्वारा दिया गया मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कराया। साथ ही वेरिफिकेशन के नाम पर पीएनबी और केनरा बैंक के एटीएम कार्ड को कूरियर के माध्यम से भिवाड़ी राजस्थान के पते पर भेज दिया। विवेचना के दौरान आरोपी के पास से दोनों बैंकों की पासबुक ई-साक्ष्य के रूप में जब्त की गई।

Share with