हायर सेंटर के बजाय निजी अस्पतालों में भेजे जा रहे मरीज, गरीबों की जेब पर डाका

मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में मिलीभगत से चल रहा गोरखधंधा

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में मरीजों को गुमराह करके निजी अस्पतालों का रास्ता दिखाने दलाल ही नहीं, कुछ अस्पताल के संचालक व शासकीय अस्पताल में सेवा के आड़ में इनका माइंड वॉश करने वाले कुछ जिम्मेदार लगे हैं। सरकारी अस्पताल में भर्ती गरीब और गंभीर मरीजों को निजी अस्पताल की ओर खींचने का खेल खुलेआम चल रहा है। ऐसा परिदृश्य सामने आने के बाद एक बार फिर सिस्टम की कमजोरी सामने आई है। भर्ती मरीज की हालत और स्वजन के विवशता की जानकारी निजी अस्पताल के संचालकों तक पहुंचना और मिनटों में रवानगी की तैयारी जैसे हालात बनना, कहीं न कहीं मिलीभगत को इंगित करा रहा है।

शनिवार की सुबह ऐसा नजारा अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर में स्थित आईसीयू में देखने को मिला। अत्यंत ही गंभीर स्थिति में भर्ती मरीजों की स्थिति को लेकर स्वजन व्यथित थे। अस्पताल में न्यूरो और कार्डियो सर्जन की सुविधा नहीं होने की स्थिति को देखते हुए मरीजों के बीच सेवा के नाम पर डटे रहने वाले कुछ जिम्मेदारों ने स्वजन की मन:स्थिति को भांपा और बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर करने के बजाय इनका दिमाग शहर के ही निजी अस्पतालों की ओर डायवर्ट कर दिया। इसके बाद स्वजन इस बात को लेकर चिंतित रहे कि वे मरीज को लेकर जाएं तो जाएं कहां। आईसीयू में भर्ती मरीजों के संबंधियों से वे राय-सलाह लेने में लगे थे।

सुबह करीब 8 बजे मरीजों को उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बीच 15 नम्बर बेड के पास आला लटकाए एक नवयुवक जो देखने में चिकित्सक प्रतीत हो रहा था, पूरी तरह से सिर में पट्टी बंधे अनकॉन्सेस मरीज के संबंधी के पास पहुंचा और कुछ बात करके निकल गया। कुछ देर बाद पुन: उसका आईसीयू में प्रवेश हुआ और 13 नम्बर बेड में भर्ती मरीज के संबंधी से मरीज की स्थिति देखते हुए डिस्चार्ज करवाने के बाद अन्य अस्पताल में ले जाने की सलाह देते नजर आया, वहीं 15 नम्बर बेड में भर्ती मरीज के संबंधी को डिस्चार्ज पेपर तैयार करा देने की जानकारी देते हुए वार्ड से बाहर बुला लिया। बातचीत हुए आधे घंटे भी नहीं हुए थे, जिला अस्पताल के आर्थो विभाग में सेवा दे चुके एक चिकित्सक का फोन आ गया, जो अब अस्पताल में कम ही नजर आते हैं और शहर के गंगापुर-बिशुनपुर मार्ग में निजी अस्पताल का संचालन करते हैं। उन्होंने बेखौफ आईसीयू में राउंड पर आए चिकित्सक से बात कराने के लिए कहा। मरीज का अटेंडर वार्ड में मौजूद गणवेश में मौजूद नर्सिंग छात्रा से उक्त डॉक्टर से बात करने कहा तो वह मना कर दी। इसके बाद इन्हें बाहर भेजने के जुगाड़ में लगे नवचिकित्सक के कहने पर संबंधी निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था के बाद दोनों मरीज जिन्हें ऑक्सीजन का सपोर्ट दिया गया था, वे हायर सेंटर रायपुर रेफर होने के बजाए निजी अस्पतालों की ओर रूख कर लिए। सवाल उठता है कि सरकारी अस्पताल के अति संवेदनशील वार्ड में, ड्यूटी के दौरान, एक निजी अस्पताल के संचालक को मरीज के स्वजन से मोबाइल पर बात करने की हिम्मत कहां से मिली? मरीज के संबंधी का मोबाइल नम्बर उन तक कैसे पहुंचा। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दलालों के जिला अस्पताल में सक्रिय होने की शिकायतें आती रही हैं। दलाल मरीजों को बरगलाकर निजी जांच केंद्रों और निजी अस्पतालों में ले जाते हैं। समझा जा सकता है कि यह नेटवर्क कितना बेखौफ हो गया है।

अस्पताल से रेफर केसों की समीक्षा जरूरी

शहरवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि शासकीय अस्पतालों में बाहरी अस्पतालों के एम्बुलेंस व निजी एंबुलेंस की एंट्री पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए। वार्ड में बिना अनुमति किसी भी निजी अस्पताल के कर्ताधर्ता को जाने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही रेफर किए जाने वाले केसों में ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ के भूमिका की जांच होनी चाहिए, और समीक्षा की जानी चाहिए कि इन्हें हायर सेंटर भेजने प्राथमिकता क्यों नहीं दिया गया? मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन को ऐसे मामले सामने न आने पाएं इसके लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। अस्पताल परिसर में बेखौफ निजी एम्बुलेंस का प्रवेश रोकने की कोशिश तो प्रबंधन ने की है, लेकिन मरीजों को स्वलाभ के लिए निजी अस्पतालों में भेजना गरीबों की लुटिया डुबोना है।

एंबुलेंस यहीं से मिल जाएगा, रायपुर ले जाओ

इसी अस्पताल में मानवता की एक तस्वीर भी सामने आई। जिन मरीजों की हम बात कर रहे हैं, उनकी दयनीय स्थिति को देखकर इन्हें एक महिला चिकित्सक ने पूछा, क्यों रेफर करवाकर निजी अस्पताल में ले जा रहे हैं। मरीज सीरियस है, वहां खाली पैसा बर्बाद करोगे। एंबुलेंस की सुविधा यहीं से मिल जाएगी, हायर सेेंटर रायपुर ले जाओ। हालांकि मरीजों की रवानगी के बाद सामने आया कि महिला चिकित्सक की समझाइस काम नहीं आई, इनके जाने के कुछ देर बाद ही दोनों मरीज अलग-अलग एम्बुलेंस में शिफ्ट होकर निजी अस्पतालों की ओर रवाना हो गए।

Share with