‘मोदी के नाम पर जलने वाले दिये तेल से जलेंगे या पानी से

दीपक बैज ने सेवा संकल्प को सवालों के घेरे में लिया, कहा-फिल्डिंग में ही विकेट गिरने लगा, बैटिंग बाकी है

अंबिकापुर। संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग स्तरीय ब्लाक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने होटल मयूरा में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन और 25 वर्षीय सेवा संकल्प के नाम पर देशभर में जलाए जा रहे लाखों दियों पर सवाल उठाया, साथ ही प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की कामना की। बैज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि तेल मत खाओ, सोना मत खरीदो, विदेश मत जाओ कहने वाले प्रधानमंत्री के नाम पर हजारों करोड़ का दिया जलाया जा रहा है। दिया तेल से जलेगा या घी से, पैसा कहां से आएगा, सरकार को बताना चाहिए। भाजपा नेताओं को पानी से दिया जलाना चाहिए। उन्होंने मोदी का कार्यकाल फेलियर बताते हुए कहा कि, भगवान श्री राम के चढ़ावा चोरी में आरएसएस और भाजपा के मिलीभगत के कारण आज तक कोई गुनहगार नहीं पकड़ा गया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि मोदी के ढाई दशक के कार्यकाल में देश को महंगाई, बेरोजगारी और किसानों को धोखा ही मिला है। 2014 में 100 दिन में महंगाई कम करने, 2 करोड़ नौकरियों, 15 लाख खाते में आने जैसे वादे किए गए थे, लेकिन पेट्रोल 70 से 110, डीजल 50 से 100 और सिलेंडर 400 से 1020 रुपये तक पहुंच गया। छत्तीसगढ़ में 1 लाख नौकरियों का वादा भी पूरा नहीं हुआ। संभाग स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा, कांग्रेस संगठन को मजबूत करने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही है। कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से मैदान में उतरेगी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, कांग्रेस अभी फील्डिंग कर रही है, बैटिंग शुरू नहीं हुई और भाजपा का विकेट अभी से गिरने लगा है। उन्होंने कहा देश के युवा पेपर लीक से परेशान हैं। सेना में भर्ती के बाद का सेवाकाल 16-17 साल से घटाकर 4 साल कर दिया गया। मोदी की गारंटी के तहत छत्तीसगढ़ के एक लाख युवाओं को नौकरी मिलनी थी, लेकिन 5 हजार को भी नौकरी नहीं मिली। कोई नौकरी के लिए तो कोई नौकरी बचाने के लिए धरना दे रहा है। छत्तीसगढ़ में 100 दिन में कर्मचारियों के नियमितिकरण का वायदा पूरा नहीं हुआ। रसोईया आज तक कलेक्टर दर पर वेतन की राह देख रहे हैं। 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने के वादे को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, इनके संज्ञान में गोधरा कांड हुआ, जो किसी से छिपा नहीं है। इस दौरान आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, मलकीत सिंह, डॉ. प्रेमसाय सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक सहित अन्य उपस्थित थे।

सरकार के गोद में बैठे नक्सलियों को सजा नहीं
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि, झीरम कांड में 10 नक्सलियों को एनआईए की विशेष अदालत ने फांसी की सजा सुनाई है। कांग्रेस अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन उनका सवाल जांच के दायरे को लेकर है। टॉप नक्सलियों का झोला उठाते, गड्ढा खोदने वालों को पकड़ने की खानापूर्ति की गई है। उन्होंने कहा झीरम कांड में सिर्फ 10 नक्सली नहीं थे, इनकी संख्या 500 से 1000 थी। एक दर्जन से अधिक टॉप लीडर थे, वे कहां गए। जिन टॉप नक्सलियों ने सरेंडर किया, उनका नाम सामने नहीं आया, ये सरकार के संरक्षण में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के गोद में बैठे नक्सलियों को सजा सांठगांठ के कारण नहीं हुई। कांग्रेस नेताओं और जवानों की हत्या षड्यंत्र के तहत हुई है। यह सजा कांग्रेस परिवार के लिए अधूरा न्याय है। सरकार ने बड़े नक्सलियों को माफ कर दिया, लेकिन हम इसके लिए विधिक लड़ाई लड़ेंगे।

मजबूती से लड़ेंगे चुनाव, सरगुजा की 14 सीट जीतेंगे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन की जमीनी पर मजबूती प्रदान करने के लिए है। भाजपा के झूठ को समाप्त करने और 2028 में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में कांग्रेस है। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनना तय है और सरगुजा की 14 सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में संकल्प लेने के बाद भी इस सरकार ने कोल ब्लाकों को बेच दिया। तारा को कोल ब्लॉक में शामिल करने के लिए इस सरकार ने पत्र लिखा, जिससे इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि बस्तर में हम सबके नेता राहुल गांधी का आगमन सुनिश्चित है, यहां आदिवासियों की जमीन की लड़ाई लड़ेंगे। इसके बाद तारा कोल ब्लॉक के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी।  

वॉकी-टॉकी से बात कर रहे थे प्रमुख कमांडर
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के दौरान हुए झिरम कांड पर प्रकाश डालते हुए कहा कि घटना के दिन नक्सलियों की संख्या 500 से 1000 थी। कांग्रेस के काफिले को सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई थी, लेकिन परिवर्तन यात्रा के तीसरे दिन एक की भी तैनाती नहीं रही। नक्सलियों ने कांग्रेस के कुछ साथियों को बंधक बनाया था। प्रमुख कमांडर वॉकी-टाकी से बात कर रहे थे, लेकिन प्रमुख नक्सली ओहदेदारों का सामने नहीं आया। उन्होंने डिजिटल भुगतान और यूपीआई से जुड़े शुल्क को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और इसे आम लोगों के लिए आसान बनाने कहा था। अब भुगतान पर शुल्क लगाने की चर्चा से छोटे व्यापारी और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

मंत्रियों ने सवाल का जवाब नहीं दिया
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि, उन्होंने विधानसभा में जितने भी बिंदुओं पर सवाल किया, भाजपा के मंत्रियों ने एक का भी जवाब नहीं दिया। हसदेव अरण्य को लूटा जा रहा है। हजारों जीव मर रहे हैं। हाथी मानव द्वंद्व की स्थिति बनी हुई है। हॉस्टल में गलत काम, हत्या सब पर हमने फोकस किया है।

Share with