तलाक केस वापस नहीं लेने पर ससुर की सुपारी किलिंग, दामाद सहित 3 गिरफ्तार किराए का मकान देखने आए हत्यारों ने चाकू मारा, अन्य की तलाश जारी

अंबिकापुर। शहर के रसूलपुर में बुधवार की सुबह 10.15 बजे घर में घुसकर तीन बदमाशों ने चाकू से हमला करके वृद्ध की जान ले ली थी। मामले में कोतवाली पुलिस ने दामाद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपी की तलाश जारी है। मुख्य आरोपी साजिशकर्ता मृतक का दामाद है, जिसके तलाक का मामला मृतक की बेटी से चल रहा है। केस वापस लेने के लिए दामाद ससुराल वालों पर दबाव बना रहा था। केस वापस नहीं लेने पर दामाद ने ही 5 लाख रुपये की सुपारी देकर ससुर की हत्या करा दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक वसीरुद्दीन सिद्दीकी 70 वर्ष कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर के रहने वाले थे। बुधवार की सुबह करीब 10.15 बजे वह घर के बाहर कमरे में था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे। इस दौरान तीन अज्ञात लोग किराए के लिए मकान की बात करने के बहाने आए और बात करने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति ने चाकू से वसीरुद्दीन सिद्दीकी के पेट पर ताबड़तोड़ तीन वार कर दिया। इसमेें वे गंभीर रूप से जख्मी हो गये। स्वजन उन्हें इलाज के लिए होलीक्रॉस अस्पताल ले गए, यहां डॉक्टर ने पुलिस केस बताकर इलाज नहीं किया, ऐसे में स्वजन उन्हें शहर के निजी फिरदौसी अस्पताल ले गए। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आईजी दीपक झा, एसएसपी राजेश अग्रवाल सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला, जिसमें तीन हमलावर सीसीटीवी में कैद दिखे।  

संदेह पर मृतक के दामाद तक पहुंची पुलिस  
घटना के बाद मृतक की पुत्री सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसके पति मो. नाजिम शबा के साथ कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था और नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। मृतक की पुत्री के संदेह के आधार पर पुलिस ने दामाद मो. नाजिम शबा 30 वर्ष निवासी तकिया सरनापारा, रनपुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने अपने ससुर को मरवाने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी देकर चैनपुर पलामू निवासी कंचन कुमार एवं अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाना बताया।

गुड्डू के किराए के मकान में बनाई योजना
आरोपित दामाद ने सुपारी किलरों को तकिया निवासी गुड्डू उर्फ नेजारूउद्दीन के किराए के रूम अजिरमा में रूकवाया था। इसके बाद गुड्डू उर्फ नेजारूउद्दीन के साथ मिलकर ससुर की हत्या का मसौदा तैयार किया। घटना दिनांक को कंचन कुमार एवं अन्य 2 आरोपी एक बाइक में सवार होकर रसूलपुर पहुंचे और वरादात को अंजाम दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक को छिपाकर आरोपी फरार हो गए थे।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी व साजिशकर्ता मृतक के दामाद मो. नाजिम शबा, ग्राम चैनपुर जिला पलामू झारखंड निवासी कंचन कुमार पिता अक्षय राम उम्र 28 व तकिया ग्राम निवासी नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू पिता नसरूउद्दीन उम्र 32 को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।

Share with