बिरला स्कूल के हॉस्टल में रहने वाले छात्र को कमरे में बंद किया, दूसरी मंजिल से लगाया छलांग

गंभीर स्थिति में बनारस में चल रहा उपचार, असिस्टेंट डायरेक्टर सहित 4 जेल दाखिल

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सरगंवा में स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल एक बार फिर बड़े विवाद में घिर गया है। यहां हॉस्टल में रहने वाले कक्षा 9वीं के एक छात्र ने दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगा दी। हादसे में छात्र के पीठ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार के बाद उसे बनारस रेफर कर दिया गया। छात्र के पैर के ऑपरेशन की नौबत बन गई है। पुलिस ने स्कूल के एचआर, असिस्टेंट डायरेक्टर, हास्टल अधीक्षक सहित चार को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय छात्र बलरामपुर जिले का रहने वाला है। वह बीते अगस्त माह में ही बिरला ओपन माइंड स्कूल में बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से अपनी इच्छा से आया था और हॉस्टल में ही रहकर अध्ययन कर रहा था। यहां आने के बाद कुछ दिनों के उसका मन नहीं लग रहा था। छात्र अपने बड़े पिता से फोन करके यहां नहीं रह पाऊंगा कहते हुए वापस घर आने की इच्छा जाहिर किया था। बताया जा रहा है कि 22 जुलाई को वह हॉस्टल से सरगंवा में ही रहने वाली रिश्ते में बुआ के यहां जाने के बाद खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था, और किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहा था। स्कूल से छात्र के गायब होने की सूचना प्रबंधन ने स्वजन को फोन करके दी थी, लेकिन पुलिस को सूचित नहीं किया था और अपने स्तर पर उसकी खोजबीन में लगे थे। छात्र के रिश्तेदार के यहां होने की जानकारी प्रबंधन को मिली और वे उसे तलाशते बुआ के यहां पहुंच गए। स्वजन के अनुसार काफी प्रयास के बाद बात करने के नाम पर छात्र को बुलाने पर वह अंदर से दरवाजा खोला तो वे उसे पकड़कर वापस हॉस्टल में ले आए, और डांट-फटकार लगाने के बाद पुन: न भागे, इसके लिए पनिसमेंट बतौर एक कमरे में बंधक की तरह कैद कर दिया। छात्र के बड़े पिता का कहना है कि बच्चे की मन:स्थिति को देखते हुए उनके एक संबंधी स्कूल में काफी देर तक बैठे रहे, वे उसे अपने साथ ले जाना चाहते थे लेकिन आप गारजेन नहीं हो कहते हुए उन्हें चले जाने के लिए कहा गया। इधर मानसिक दबाव और घुटन से तंग आकर वह स्कूल के दूसरे माले में स्थित हॉस्टल के कक्ष में बने रोशनदान के रास्ते से कूद गया, जबकि नीचे काफी गहराई थी, जिसमें उसे काफी चोटें आई हैं। छात्र के द्वारा उठाए गए कदम से स्कूल प्रबंधन सकते में आ गया और उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन पुलिस को किसी प्रकार की जानकारी देना इन्होंने उचित नहीं समझा। इसकी सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे और बच्चे की गंभीर स्थिति देखते हुए गांधीनगर थाने में घटना की सूचना देकर प्राथमिकी दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस ने थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 755/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 351(3), 125, 239, 3(5) के साथ ही किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत मामला पंजीबद्ध करके जांच शुरू कर दी है।

स्वजन की रिपोर्ट पर पुलिस इन्हें की गिरफ्तार

गांधीनगर थाना पुलिस ने बालक के स्वजन की ओर से की गई रिपोर्ट पर प्रारंभिक जांच में सामने आए आरोपित स्कूल के मार्केटिंग हेड उत्कर्ष किरण पिता स्व. किरण कुमार सिंह 41 वर्ष, निवासी मेदिनीनगर झारखंड, असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज प्रकाश मित्तल पिता स्व. सोहनलाल 42 वर्ष, निवासी दादरमंडी पटना बिहार, एचआर कुनाल गोयल पिता भरत लाल अग्रवाल 24 वर्ष, निवासी विद्यासागर कॉलोनी धनबाद झारखंड, तीनों का वर्तमान निवास कृष्णाकुंज सरगवां, हास्टल अधीक्षक अवधेश शर्मा पिता धनेश्वर प्रसाद शर्मा 34 वर्ष, निवासी कमल बिहार रायपुर, वर्तमान निवास सरगवां गांधीनगर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस हॉस्टल स्टाफ, छात्र के साथियों और सीसीटीवी फुटेज से भी जानकारी जुटा रही है।

पूर्व में स्वामी आत्मानंद स्कूल में था अध्ययनरत

बच्चे के बड़े पिता ने कहा कि उनका भतीजा इसके पहले गृहग्राम के स्वामी आत्मानन्द स्कूल में पढ़ता था, और अच्छे नम्बरों से कक्षा 8वीं की परीक्षा उत्तीर्ण किया था। बच्चे की इच्छा किसी अच्छे स्कूल में पढ़ने की थी, इसे देखते हुए उन्होंने अंबिकापुर के सरगवां में स्थित नामी बिरला स्कूल में उसका दाखिला अगस्त माह में ही करवाया था। चलगली में उनका संयुक्त परिवार है। सरगवां में घर और रिश्तेदारों के रहने के कारण आना-जाना लगे रहता है। अचानक बच्चे ने किसी के मोबाइल से फोन करके कहा, यहां नहीं रह पाऊंगा, तो उन्होंने उसे अच्छी शिक्षा के लिए मन लगाकर पढ़ने के लिए कहा। बाद में जब स्कूल से बच्चे के भागने का पता चला तो चलगली से परिवार के सदस्य अंबिकापुर आने के लिए निकले थे। इधर बुआ के घर से बच्चे को स्कूल ले आए, जबकि उन्होंने मना किया था। इसके बाद उन्हें दूसरे मंजिल से बच्चे कूदने की जानकारी मिली, जिससे वे हतप्रभ रह गए।

पुलिस की अग्रिम विवेचना कार्रवाई जारी

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक शिशिरकान्त सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक अतुल मिश्रा, दीपक सोनवानी और दिनेश यादव की टीम सक्रिय रही। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हॉस्टल में छात्र पर किस तरह का दबाव था और प्रबंधन की ओर से क्या चूक हुई। इधर, घटना के बाद से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। इनका कहना है कि हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर स्कूलों को और ज्यादा गंभीर होना चाहिए। बिरला ओपन माइंड स्कूल पूर्व में भी एक विवाद के बाद सुर्खियों में रहा। इस घटना ने एक बार फिर हॉस्टल में बच्चों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और प्रबंधन की जवाबदेही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चे को समझने के बजाय उन पर दबाव बनाना कितना खतरनाक हो सकता है, यह घटना इसका उदाहरण है। फिलहाल घायल छात्र का इलाज जारी है और पुलिस आगे की विवेचना में जुटी हुई है।

गांधीनगर थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह ने बताया कि बिरला स्कूल प्रबंधन ने हॉस्टल में रहकर अध्ययन करने वाले कक्षा 9वीं के छात्र के भागने या दूसरे तल पर स्थित हॉस्टल कक्ष के रोशनदान से कूदने जैसी घटना की जानकारी हमें नहीं दी थी। छात्र के स्वजन थाने पहुंचे, तो हमें पता चला। पुलिस ने मौका निरीक्षण व आवश्यक जांच कार्रवाई पूरी करने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके विरूद्ध किशोर न्याय अधिनियम व बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज करके न्यायालय में पेश किया गया है। घायल छात्र का बनारस में उपचार चल रहा है।

Share with