त्योहार सीजन में बदहाल सड़कें, गंदगी और बंद सड़क बत्ती से परेशान शहरवासी

कांग्रेस पार्षद दल ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन, प्लेसमेंट कर्मचारियों के वेतन की भी उठाई मांग

अंबिकापुर। निगम क्षेत्र में सड़कों की दुर्दशा, सफाई व्यवस्था, धूल से बढ़ते प्रदूषण और बंद स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं में सुधार को लेकर निगम में नेता प्रतिपक्ष शाफी अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षद दल ने निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। साथ ही त्योहार सीजन में निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को वेतन भुगतान की मांग भी की।

अंबिकापुर शहर की सभी मुख्य सड़कों के साथ-साथ अंदरूनी सड़कों की स्थिति भी बदतर है। बरसात में गड्ढों को भरने के लिए निगम द्वारा डाला गया मलबा अब नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी समस्या बन रहा है। गड्ढेयुक्त धूल उड़ाती सड़कों पर बंद स्ट्रीट लाइट ने समस्या और बढ़ा दी है। त्योहारों की भीड़ वाले इस सीजन में निगम की डेढ़ साल की नाकामी नागरिकों के सामान्य जीवन और स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। धूल से एलर्जी और फेफड़ों की बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं।ज्ञापन सौंपते हुए नेता प्रतिपक्ष शाफी अहमद ने कहा कि नवरात्र, दशहरा, दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर शहरवासी घटिया सड़क, गंदगी, बंद स्ट्रीट लाइट और उड़ती धूल से परेशान हैं। शहर में करीब एक साल से साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित है। निगम प्रशासन को त्योहारों में धार्मिक स्थलों और दुर्गा पंडालों की सफाई तत्काल सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने 48 घंटे के भीतर शहर की बंद स्ट्रीट लाइट चालू करने, स्वीकृत सड़कों का डामरीकरण दशहरा से पहले पूरा करने और अम्बेडकर चौक से दरिमा मोड़ तक नेशनल हाईवे-43 पर नियमित पानी छिड़काव की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को पिछले 3-4 माह से वेतन नहीं मिलने का मामला भी उठाया और त्योहारी सीजन को देखते हुए मानवीय दृष्टिकोण से वेतन तत्काल जारी करने की मांग की। इस दौरान पार्षद पापिंदर सिंह, कलीम अंसारी, बल्केश्वर तिर्की, मो. बाबर, शुभम जायसवाल, राजेश पैकरा सहित कांग्रेस नेता राजेन्द्र बहादुर सिंह, संजय सिंह, दिलीप धर, मो. आरिफ आदि मौजूद रहे।

Share with