स्कूटी से मां दुर्गा का दर्शन करने पंडाल में पहुंचे पर्यटन मंत्री

सादगी भरा अंदाज हुआ वायरल, सहज भाव में लोगों से की मुलाकात

अंबिकापुर। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवरात्रि के पावन अवसर पर अंबिकापुर शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों का दर्शन किया। इस दौरान उनका बेहद सादगी भरा अंदाज देखने को मिला। मंत्री राजेश अग्रवाल बिना किसी बड़े काफिले और तामझाम के स्कूटी से शहर का भ्रमण करते हुए माता के दरबार में पहुंचे।

मंत्री ने सबसे पहले शहर के हृदय स्थल सदर रोड स्थित दुर्गा पंडाल में पहुंचकर माता रानी की प्रतिमा का दर्शन किया और प्रदेश के सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने शहर के अन्य प्रमुख दुर्गा पंडालों में भी जाकर माता के दर्शन किए। दर्शन के दौरान मंत्री ने आम लोगों से आत्मीय मुलाकात की। वे सड़क पर ही रुककर लोगों से हालचाल पूछते नजर आए। शहर के लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं में मंत्री को अपने बीच देखकर खासा उत्साह दिखा। कई लोगों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। मंत्री ने सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।मंत्री राजेश अग्रवाल का स्कूटी पर सवार होकर दुर्गा पंडालों में दर्शन करने का यह अंदाज तेजी से वायरल हो रहा है, लोग उनकी सादगी और जमीन से जुड़े व्यक्तित्व की सराहना कर रहे हैं। आमतौर पर मंत्रियों को बड़े काफिले और सुरक्षा घेरे में देखा जाता है, लेकिन राजेश अग्रवाल का आम नागरिक की तरह स्कूटी से शहर भ्रमण उन्हें सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, इस तरह का सरल व्यवहार ही उन्हें आम जन से जोड़ता है।

Share with