Uncategorized

ढाई-ढाई साल के सीएम फॉर्मूले से कांग्रेस को नुकसान हुआ: टीएस सिंहदेव

बोले—चुनाव में पहले से मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की जरूरत नहीं, मिलकर लड़ना चाहिए चुनाव

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने कहा कि पिछले कार्यकाल में ढाई-ढाई साल के मुख्यमंत्री फॉर्मूले को लेकर लगातार हुई चर्चाओं से कांग्रेस को नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा पहले से घोषित करने के बजाय पार्टी को सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ना चाहिए।

शनिवार को बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए सिंहदेव ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद को लेकर इस तरह की चर्चाएं नहीं थीं। उस समय सभी नेताओं ने मिलकर चुनाव लड़ा था और पार्टी को जनता का समर्थन मिला था। उन्होंने कहा कि पार्टी को आगे भी इसी नीति पर चलना चाहिए और जिसे जो जिम्मेदारी मिले, उसे निभानी चाहिए।

सिंहदेव ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार आम लोगों के संपर्क में रहना चाहिए। मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारियों को जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। केवल चुनाव के दौरान लोगों के बीच पहुंचने से अवसरवादिता का संदेश जाता है।

इससे पहले सिंहदेव ने सिरगिट्टी मंडल अध्यक्ष अजय मनहरे और सेक्टर अध्यक्ष शैलेष सेंगर के घर पहुंचकर कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, जनता से निरंतर संवाद और आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।

Share with