चाकू के नोक पर बच्ची को रखकर शिक्षक के घर से डेढ़ लाख ले गए

बच्ची को मुसीबत में देखकर मां भिड़ी डकैतों से, हाथ कटा

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली बड़ी वारदात सामने आई है। ग्राम अघिना सलका में एक सहायक शिक्षक के घर में आधी रात को 4 हथियारबंद लुटेरे घुस गए और मासूम बच्ची के गले पर धारदार चाकू रखकर डेढ़ लाख रुपये और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम अघिना सलका निवासी राधेश्याम सिंह शासकीय प्राथमिक शाला कोटेया में सहायक शिक्षक वर्ग-3 के पद पर पदस्थ हैं। 27 अक्टूबर की रात करीब 1.30 बजे वे अपनी पत्नी बलिता मीन और अपनी 3 साल की बेटी के साथ अपने कमरे में सो रहे थे, तभी 4 लोग घर में घुस आए। इनमें 2 पुरुष और 2 लोग सलवार सूट पहने हुए थे, सभी ने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। आरोपी पुरुष हैं या महिला, अंधेरे में पता नहीं चल पाया। घर में घुसते ही उन्होंने 3 साल की बेटी के गले में चाकू अड़ा दिया और धमकाते हुए अलमारी खोलने और पैसा देने के लिए कहा, नहीं तो बेटी को जान से मार देने की धमकी दी। शिक्षक की पत्नी बलिता ने हिम्मत दिखाते हुए बेटी को बचाने के लिए एक लुटेरे के हाथ से चाकू छीनने की कोशिश की, इसी दौरान चाकू से उसका हाथ गहराई से कट गया और खून बहने लगा। लुटेरों ने फिर भी धक्का-मुक्की करते हुए धमकाना जारी रखा। जान बचाने के लिए राधेश्याम ने अलमारी में रखा करीब 1,50,000 रुपये नकद और सिम लगा एक मोबाइल फोन लुटेरों को दे दिया। लूट के बाद लुटेरे कमरे का दरवाजा बाहर से बंद करके भाग गए। जाते समय बगल के कमरे में रहने वाली मौसी नान बाई महंत को धमकाते हुए बोले दूर हट जाओ नहीं तो तुम्हें मार देंगे। डरी सहमी मौसी ने बाद में कमरे का दरवाजा खोला, तब राधेश्याम ने पड़ोसियों को उठाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह पत्नी को लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र सलका अघिना गया और उपचार कराया। पुलिस ने मामले में धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत डकैती का अपराध दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच शुरू कर दी है।

Share with