दीपावली पर्व पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने एएसपी सड़क पर उतरे

व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए पुलिस ने बनाई है विशेष प्रबंधन व्यवस्था

अंबिकापुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के मुख्य बाजारों में बढ़ती भीड़ एवं वाहनों के दबाव को देखते हुए आम नागरिकों, व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुविधा के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा विशेष यातायात एवं बाजार प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों का भ्रमण करके यातायात व्यवस्था का जायजा लिया और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने तैनात किए गए पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कैवर्त एवं यातायात पुलिस की टीम भी सक्रिय रही।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण एवं यातायात बाधित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती करके वाहनों एवं पैदल चलने वाले लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क एवं फुटपाथ पर सामान न रखें तथा ग्राहकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। सरगुजा पुलिस का उद्देश्य है कि, दीपावली का त्योहार आम नागरिकों के लिए सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रहे। खरीदारी के दौरान किसी को भी अनावश्यक यातायात जाम या असुविधा का सामना न करना पड़े। पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और दिशा-निर्देशों में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

Share with