मारपीट और छेड़छाड़ मामले में 4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर पहले से कई अपराध दर्ज

अंबिकापुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला और उसकी नाबालिग भांजी से मारपीट और छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस टीम ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया है। मुख्य आरोपी के खिलाफ संगठित अपराध की धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है।जानकारी के मुताबिक, प्रार्थिया ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 3.30 बजे आरोपी रसीद शाह के घर के पास प्रार्थिया की भांजी के साथ आरोपियों ने पूछताछ और विवाद किया था। आरोपियों ने साजिशन मिलकर दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके अलावा लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ भी की गई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 74, 291, 351(3), 115(2), 127(2), 3(5), 111 बीएनएस एवं 7, 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

पुलिस ने इन 4 आरोपियों को पकड़ा

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों का पता-तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने घटना करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रसीद शाह पिता स्व. अली मोहम्मद 50 वर्ष, निवासी तकिया मदरसा के पास, मो. इरफान खान पिता ताहिर खान 19 वर्ष, निवासी ग्राम बोंगा, थाना रमकोला, इमाम असगर पिता मो. मेसाहेब अंसारी 20 वर्ष, निवासी डाल्टनगंज, नेवरा, थाना चैनपुर, पलामू झारखंड, इमरान खान पिता स्व. नसरूल्लाह खान 38 वर्ष, निवासी ग्राम तकिया, तीनों का हाल मुकाम रसीद शाह के किराए का मकान है।

मुख्य आरोपी आदतन अपराधी

पुलिस के अनुसार प्रकरण के मुख्य आरोपी रसीद शाह के विरुद्ध थाना कोतवाली में पहले से कई अपराध पंजीबद्ध हैं। आरोपी द्वारा संगठित अपराध के सदस्य के रूप में निरंतर गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण प्रकरण में बीएनएस की धारा 111 जोड़ी गई है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया।

कार्रवाई में ये रहे शामिल

संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति कुजूर, आरक्षक सुरेश गुप्ता, शिव राजवाड़े और सैनिक संतोष पाठक सक्रिय रहे।

Share with