व्यापारियों का 50 लाख की चोरी पर फूटा गुस्सा, मंत्री के सामने रखी बात

मंत्री ने कोतवाली टीआई को फोन पर कहा-व्यापारियों ने उन्हें घेर रखा है, छुड़ाने आ जाएं

अंबिकापुर। शहर के खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग में 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी के मामले में पुलिस की धीमी कार्रवाई को लेकर व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। प्रतिष्ठान के कर्मचारियों पर लाखों रुपये की चोरी का आरोप है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई न होने से नाराज व्यापारियों ने अग्रसेन भवन में बैठक करके मंत्री राजेश अग्रवाल के समक्ष अपनी बातों को रखा। इस दौरान कार्रवाई के लिए नजराना देने जैसी बातें भी सामने आई।

व्यापारियों ने एक-एक करके अपनी परेशानी रखी। उनका कहना था कि चोरी की शिकायत के बाद भी न तो आरोपी पकड़े गए और न ही चोरी का माल बरामद हुआ। व्यापारियों ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो शहर में व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर डर का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली से उनका भरोसा डगमगा रहा है। व्यापारियों की बातों को सुनने के बाद मंत्री राजेश अग्रवाल ने मौके से ही कोतवाली टीआई को फोन लगाया। उन्होंने मामले में अब तक हुई जांच और कार्रवाई की पूरी स्थिति स्पष्ट करने को कहा। फोन पर टीआई ने अगले दो से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। मंत्री ने टीआई को निर्देश दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जाए और जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जाए।

बैठक का माहौल हल्का करने के लिए मंत्री ने कुछ अलग ही अंदाज में कहा कि व्यापारियों ने उन्हें घेर रखा है, इसलिए चोरों को पकड़कर उन्हें छुड़ाने आ जाएं। उनकी इस बात पर बैठक में मौजूद लोग हंस पड़े। बाद में इसी बात को लेकर इंटरनेट मीडिया पर मंत्री को बंधक बनाने की अफवाह फैल गई, जबकि बैठक में ऐसा कुछ नहीं हुआ था। बैठक में मौजूद व्यापारियों का कहना है कि उन्हें मंत्री के हस्तक्षेप से उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच तेज करने का दावा किया है। शहर में यह मामला अब चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

Share with