बिजली खंभे से ट्रांसफार्मर निकालकर ले गए चोर, इलाके में ब्लैक आउट

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत टपरकेला के नरवापारा में चोरों ने चालू हालत में लगे बिजली ट्रांसफार्मर को ही चोरी कर लिया। यह घटना न सिर्फ हैरान करने वाली है, बल्कि करंट के खतरे के बीच बिजली विभाग की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा करने वाली है।ग्रामीणों के अनुसार, नरवापारा में लगा ट्रांसफार्मर पूरी तरह चालू था जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कर रहा था। रात में अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से ट्रांसफार्मर को पोल से उतारा और लेकर फरार हो गए। सुबह इलाके की बिजली गोल देखकर लोग पोल के पास पहुंचे तो ट्रांसफार्मर गायब था। इसकी सूचना बिजली विभाग और दरिमा पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दरिमा क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से बिजली के तार, केबल और अर्थिंग वायर चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कभी खेतों से मोटर के तार चोरी हो रहे हैं, तो कभी सड़क किनारे लगे केबल गायब हो रहे हैं। अब सीधे ट्रांसफार्मर चोरी होने से लोगों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे कोई संगठित चोर गिरोह सक्रिय हो सकता है, जो बिजली उपकरणों को चोरी में लगा है।

पुलिस की रात्रि गश्त पर लगा प्रश्नचिन्ह

बड़ा सवाल यह है कि चालू ट्रांसफार्मर जैसे भारी-भरकम उपकरण को चोर कैसे ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी? ट्रांसफार्मर उतारने में समय लगता है, आवाज के साथ खतरे की स्थिति भी बनती है। यहां तो चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे गए। इस घटना ने दरिमा पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त नाममात्र की होती है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि, पुलिस रात्रि गश्त तेज करे, संदिग्ध कबाड़ी दुकानों पर छापेमारी करे और बिजली विभाग के साथ मिलकर संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाए।

चोर का पता लगाना चुनौती से कम नहीं

फिलहाल दरिमा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चोरी गए ट्रांसफार्मर की बरामदगी और इस गिरोह का पर्दाफाश करना है। पुलिस कब तक इस चोरी का खुलासा कर पाती है और बिजली विभाग अपनी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाता है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।

Share with