रूहानी ताकत का मालिक बताकर औलाद दिलाने और हर बीमारी ठीक करने का झांसा

उत्तर प्रदेश का नौशाद अंबिकापुर में ठिकाना बनाकर किया लाखों की ठगी

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेजा

अंबिकापुर। शहर में धार्मिक आस्था के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने फर्जी बाबा के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। इधर ठगी के शिकार लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। आरोपी के विरूद्ध कोतवाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के मुताबिक, मोमिनपुरा निवासी यासीर अंसारी पिता असमुद्दीन अंसारी ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि आरोपी नौशाद अली पिता निसार अली उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के बैतीकला थाना अंतर्गत ग्राम चांदा का रहने वाला है। वह पिछले करीब नौ महीने से अंबिकापुर के रसूलपुर इलाके में दीपक खान के घर पर रह रहा था, और इस जगह को बाबे सीफा नाम दिया था। इस दौरान उसने खुद को सैय्यद बाबा, सूफी संत और रूहानी ताकत का मालिक बताकर लोगों के बीच अपनी पहचान बनाई। आरोप है कि वह लोगों को झांसा देता था कि बेऔलाद दंपतियों को औलाद दिला सकता है। वह यह भी दावा करता था कि किसी भी बीमारी का इलाज उसके पास है और खुद को खुदा का मसीहा बताता था। शिकायत कर्ताओं के अनुसार, इन्हीं झूठे और भ्रामक दावों के सहारे उसने लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ किया और उनसे मोटी रकम ऐंठी। बाबा के झांसे में आए भुक्तभोगियों का कहना है कि आरोपी लोगों को बहला-फुसलाकर अपनी बातों में उलझा लेता था। बीमारी और संतान की चाह में परेशान लोग उसकी बातों पर भरोसा कर लेते थे। कई पीड़ित लोक-लाज और सामाजिक दबाव के कारण लंबे समय तक सामने नहीं आ पाए, इसी वजह से मामला परदे के पीछे रहा। बाद में सभी ने एक साथ थाने पहुंचकर शिकायत की।

10 हजार से 9 लाख तक ऐंठे

शिकायतकर्ता यासीर का आरोप है कि आरोपी ने उससे 75 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत में बताया गया है कि बैकुण्ठपुर निवासी बाबा खान से लगभग 9 लाख रुपये, यासीर खान से 75 हजार रुपये, सोएब अख्तर से 20 हजार रुपये, समीर सिद्दीकी से 20 हजार रुपये, लारेब अहमद से 20 हजार रुपये और आदिल से 10 हजार रुपये, रसूलपुर में रहने वाले शाहिद नामक व्यक्ति से जुड़ा है, जिससे करीब 4 लाख रुपये की ठगी का दावा किया गया है।

आक्रोशित लोगों ने बाबा के ठिकाने को घेरा

कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि अभी तक ठगी का शिकार हुए 15-20 लोग सामने आ चुके हैं। मंगलवार की रात को 200 से अधिक लोगों की भीड़ कथित चमत्कारी बाबा के ठिकाने को घेरकर खड़ी थी। चर्चा इस बात की भी हो रही थी कि बाबा ने कईयों को नशे की लत से दूर किया और कई लोगों की समस्याओं का समाधान किया था। ऐसे लोगों के माध्यम से खबर अन्य लोगों तक पहुंचते गई और ठगी का शिकार लोग होते हुए। सूचना मिलने पर पुलिस जब मौके पर पहुंचे तो लोगों का आक्रोश चरम पर था। पुलिस टीम ने बाबा को तत्काल हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पीड़ितों का कथन लेकर अपराध दर्ज कर लिया है।

ऐसे कथित बाबाओं से रहें सावधान

पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद अपराध घटित होना पाया और अपराध करके आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ितों के बयान दर्ज करके पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों से पैसे लिए हैं और रकम कहां खर्च की गई। इस मामले के सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था के नाम पर इस तरह की ठगी समाज के लिए खतरनाक है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि चमत्कार और रूहानी इलाज के नाम पर पैसे मांगने वालों से सावधान रहें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share with