रेलवे स्टेशन के पास मिला था बीमार युवक, अस्पताल में 5 महीने बाद तोड़ा दम

पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए मर्चुरी में रखवाया

अंबिकापुर। शहर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बीते 18 मई को बीमार हालत में मिले एक अज्ञात युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में इलाज के बीच मौत हो गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष है। 5 महीने तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 13 अक्टूबर को उसने अंतिम सांस ली। पुलिस ने शव को शिनाख्त के लिए फिलहाल अस्पताल के मर्चुरी में रखवाया है।

जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन अंबिकापुर के पास एक युवक के बीमारी से ग्रसित होने की सूचना पर 108 एंबुलेंस की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में उसका लगातार उपचार चल रहा था, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका और 13 अक्टूबर को उसकी मृत्यु हो गई। इस बीच युवक की किसी स्वजन ने खोज-खबर भी नहीं ली। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। वह बोलने की स्थिति में नहीं था, इसलिए अपना नाम-पता भी नहीं बता पाया। अस्पताल में स्थित पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी ने बताया कि मृतक का शव अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया है। यदि किसी को संबंधित युवक की तलाश हो तो पुलिस सहायता केंद्र में संपर्क कर सकते हैं, ताकि उसका अंतिम संस्कार सम्मान पूर्वक हो सके।

Share with