प्रदेशभर में लाखों लोगों का नाम राशनकार्ड से कटा

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सरकार को घेरा, कहा-सरगुजा जिले में 29 हजार प्रभावित

अंबिकापुर। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में प्रेस से चर्चा करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राशन कार्ड कटौती व धान खरीदी को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा सरगुजा जिले में लगभग 29 हजार राशन कार्डधारी प्रभावित हुए हैं, प्रदेश में यह आंकड़ा लाखों में जाना चाहिए। कोई न कोई बहाना बना कर, नाम काटे जा रहे हैं, जबकि घर-घर जाकर सत्यापन करने की बात कही जाती है।

टीएस सिंहदेव ने अपने पीएसओ राजेश पैकरा का उदाहरण देते हुए बताया कि इनके घर भी कर्मचारी फोटो वेरिफिकेशन के लिए आए थे। उनके राशन कार्ड में 4 लोगों का नाम था। सत्यापन के बाद खुद राजेश पैकरा, उनकी पत्नी, एक बच्चे का नाम कट गया, सिर्फ एक बच्चे का नाम बचा। सब जगह यही स्थिति है। जिसको 35 किलो मिल रहा था, अब 10 किलो मिल रहा है, किसी का राशन शून्य हो गया है। उन्होंने कहा कि राशन दुकानों की व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। चना 6 महीने से नहीं मिल रहा है, शक्कर कम से कम 2 महीने से कईयों को नहीं मिला है। राशन दुकानों में शक्कर कहीं पर्याप्त आ रहा है तो कहीं नहीं। शासन की व्यवस्था नियंत्रण के बाहर है। सिंहदेव ने कहा कि विपक्ष के तौर पर हमारा पहला काम सड़क पर उतरना नहीं है। पहले हम जांच कर रहे हैं कि लोगों द्वारा बताई गई बात सही है या गलत। अगर गलत है तो सुधार करिए। सुधार नहीं करोगे और लोग सड़कों पर आएंगे तो फिर कांग्रेस आंदोलन करेगी। इस दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, डॉ. जेपी श्रीवास्तव, इंद्रजीत सिंह धंजल, दीपक मिश्रा, इरफान सिद्दीकी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।

कंप्यूटर देवता की करनी से राशन उपभोक्ता परेशान

टीएस सिंहदेव ने कहा जोड़-घटाव, भाग-गुणा करना है तो कैलकुलेटर मदद करता है। पर आपको नहीं पता कि किस चीज को किससे गुणा करना है, किसको भाग देना है, तो कैलकुलेटर गलत नतीजा ही देगा। इसी तरह अगर कंप्यूटर में जानकारी ही गलत या अधूरी डाली जाएगी तो नतीजा गलत मिलेगा। जिस हितग्राही को बेहतर सुविधा देनी है, वो वंचित हो जाएगा। सरकार कानूनी अधिकारों से लोगों को वंचित कर रही है। उन्होंने कुछ ग्रामों का उदाहरण देते हुए बताया कि सरगुजा के कांतिप्रकाशपुर, कंठी, टपरकेला, मानिकप्रकाशपुर गांव में सैकड़ों राशनकार्ड धारकों को झटका लगा है, जो केंद्र के इशारे पर हैदराबाद के कंप्यूटर देवता के प्रकोप का परिणाम है। सुविधा देने के बजाए खाद्यान्न गारंटी के अधिकार को छीना जा रहा है। ऐसे भी उपभोक्ता हैं, जिन्होंने बीते माह राशन प्राप्त किया, लेकिन अभी राशन शून्य हो गया है। पारदर्शिता ऐसी है कि अधिकारियों को भी नहीं पता कि उपभोक्ता का राशन अचानक शून्य कैसे हो गया।

कर्ज में डूबा किसान फोन करके बोला-आत्महत्या कर लूंगा

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने धान खरीदी और गिरदावरी में गड़बड़ी को लेकर सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने एक बड़े किसान और सरपंच द्वारा किए गए फोन का हवाला देते हुए कहा कि, उन्होंने बताया पिछले साल उन्होंने धान दिया, इस साल जीरो बताया जा रहा है। पटवारी हड़ताल पर हैं, और किसने कितने एकड़ या रकबा में धान लगाया, इसकी रिपोर्ट ही नहीं दी गई है। किसान ने रोते हुए कहा बाबा, एक लाख से ज्यादा हमने कर्जा ले रखा है, मैं तो आत्महत्या कर लूंगा। ऐसे हालात सामने आ रहे हैं और 15 नवम्बर से धान खरीदी की तैयारी में प्रशासन लगा है। ऐसे कई किसानों ने उनसे संपर्क करके आपबीती को साझा किया है। एक सरकार के काम करने की अक्षमता के चलते आदमी आत्महत्या करने की सोच रहा है। आदमी इतने दबाव में है कि उसे लग रहा है कहीं भी जाऊंगा, कोई सुनने वाला नहीं, ठीक करने वाला नहीं, क्योंकि कोई जवाब ही नहीं दे रहा।

पटवारी हड़ताल पर, कईयों का हो गया रकबा शून्य

टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का 4 एकड़ भूमि पोर्टल से गायब है। उनके परिवार से छोटे बाबा और स्वयं उनका 30 एकड़ से अधिक भूमि का रकबा शून्य हो गया। गांव-गांव से फोन आने पर वे खुद बता रहे हैं, आप ही नहीं धान के पैदावार के मामले में शासन के रिकार्ड में उनके परिवार का रकबा भी शून्य है। उन्होंने कहा शासन के द्वारा धान खरीदी के तय मापदंड के अनुसार धान के पैदावार की प्रमाणिकता पटवारियों को करना है, लेकिन पटवारी हड़ताल में हैं। सरकार का कहना है कि खेत के कोने-कोने में खड़ा होकर उपज रकबा का वास्तविक आंकड़ा देना है। इधर अन्नदाताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए किसी प्रकार की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं करने से किसान पशोपेश में हैं। सरकार को इससे कोई लेनादेना नहीं है। कार्यालय में जाने पर जिम्मेदार भी हाथ खड़ा कर रहे हैं।?टोकन की सीमाएं अव्यवहारिक हैं। धान खरीदी के लिए सरकार के द्वारा तय की गई राशि को भी उन्होंने सवालों के घेरे में लिया। उन्होंने कहा कि सरकार न गिरदावरी ठीक कर रही है, न धान उठाव की तैयारी कर रही है, किसान भगवान भरोसे हैं।

Share with