नन्हे हाथी की जान बचाने कबरा सहित 18 हाथियों के खतरे के बीच रेस्क्यू

हाथियों की चिंघाड़ सुनकर वन अमले ने ड्रोन में देखा नजारा, नाली में उल्टा फंसा था शावक

उदयपुर। वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता, अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वन परिक्षेत्र उदयपुर के वन अमले ने ग्राम अलकापुरी में 12 दिन के नन्हे हाथी शावक का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित हाथियों के दल तक पहुंचाया। यह रेस्क्यू अभियान अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में संपन्न हुआ, क्योंकि घटनास्थल के आसपास लगभग कबरा हाथी के साथ 18 जंगली हाथियों का दल मौजूद था।जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को 18 सदस्यीय हाथियों का दल करमकटरा स्थित पी.बी.-130 क्षेत्र में रुका हुआ था। शाम लगभग 5 बजे दल का मूवमेंट उपका गांव की ओर हुआ। इसके पश्चात दल खुटनपारा एवं महेशपुर गांव की ओर बढ़ा। वहां से सायरानोगरा क्षेत्र में वन कर्मचारियों के प्रचार-प्रसार के बाद दल पुन: उपका की ओर लौटा। इसके बाद दल अलकापुरी जंगल के समीप धान के खेतों की ओर पहुंचा। रात्रि लगभग 8 बजे मूवमेंट ग्राम अलकापुरी में अकालू यादव के खेत के आसपास था। इसी दौरान हाथियों का दल लगातार चिंघाड़ने और तेज आवाजें निकालने लगा। लगभग डेढ़ घंटे तक हाथियों के इस असामान्य व्यवहार को देखते हुए वन अमले को किसी अप्रिय घटना की आशंका हुई। वन अधिकारियों ने किसी हाथी के संकट में फंसने का अनुमान लगाया और तत्काल ड्रोन की सहायता से क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रोन संचालक ऋतिक सोनी को कैद एक दृश्य में नन्हा हाथी का शावक संकरी नाली में उल्टे हालत में फंसा हुआ दिखाई दिया। वह बाहर निकलने में असमर्थ था और लगातार हाथी चिंघाड़ रहे थे। शावक की स्थिति का पता चलते ही वन अमले ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू की रणनीति तैयार की। घटनास्थल की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दो जेसीबी मशीनें बुलाई गईं। रेस्क्यू में वनकर्मी इंद्र प्रसाद पिपला, अमरनाथ राजवाड़े एवं वसंत राम, दो जेसीबी चालक तथा एक ग्रामीण सहयोगी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जोखिम दूर करने फोड़े पटाखे, टार्च की रोशनी में रेस्क्यू

हाथियों के दल की मौजूदगी के कारण सीधे शावक तक पहुंचना बेहद जोखिमपूर्ण था। टीम ने पटाखों की आवाज का सहारा लेकर हाथियों के दल को घटनास्थल से कुछ दूरी पर हटाने का प्रयास किया। पटाखों की आवाज के बाद दल कुछ समय के लिए इधर-उधर हुआ। इसके पश्चात वन अमले ने टॉर्च एवं जेसीबी की रोशनी में मौके पर पहुंची तो 12 दिन का शावक संकरी नाली में उल्टा फंसा था। जेसीबी की सहायता से नाली के आसपास की मिट्टी हटाकर रास्ता बनाकर रेस्क्यू शुरू किया गया।पैरों की पकड़ मजबूत होते ही झुंड की ओर दौड़ पड़ानाली से बाहर आने के बाद भी शावक के पैरों को जमीन पर पर्याप्त पकड़ नहीं मिल पा रही थी। वह बार-बार प्रयास करने के बावजूद स्वयं खड़ा नहीं हो पा रहा था। ऐसी स्थिति में तीनों कर्मचारियों ने जान की परवाह किए बिना नीचे उतरकर शावक के पैरों को सहारा दिया, कुछ प्रयास के बाद वह अपने पैरों पर खड़ा हो गया और कुछ ही क्षणों में जेसीबी की दिशा में दौड़ने लगा। शावक जब अन्य हाथियों के साथ मौजूद मां की पुकार को सुना, तो वह जेसीबी से लगभग 10 मीटर दूर मौजूद हाथियों के समूह की ओर बढ़ने लगा। अंतत: वह अपने दल के पास पहुंच गया।

सीसीएफ ने की सराहना, 3 घंटे चला रेस्क्यू

हाथी के शावक को बाहर निकालने का रेस्क्यू अभियान रात करीब 9 बजे शुरू किया गया, जो रात 12 बजे तक चला। अंधेरी रात, ठंड और हाथियों का डर, इसके बावजूद वन अमले ने हिम्मत नहीं हारी। सीसीएफ वाइल्डलाइफ प्रणय मिश्रा ने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल कर्मचारियों की सराहना की, और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने हाथियों की सतत निगरानी जारी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि हाथियों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं को कम किया जा सके।इनके नेतृत्व में हुआ सफल रेस्क्यूसंपूर्ण अभियान डीएफओ लोकनाथ पटेल एवं एसडीओ सपना मुखर्जी के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी फेकु प्रसाद चैबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने कहा-यह रेस्क्यू केवल एक शावक को बचाने का नहीं है, बल्कि वन विभाग के कर्तव्यनिष्ठा, साहस और टीम भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Share with