एनएच पर सेमरसोत जंगल में पलटी बर्फानी बस, बड़ा हादसा टला, यात्री सुरक्षित

बलरामपुर। नेशनल हाईवे 343 पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। पास्ता थाना क्षेत्र के सेमरसोत जंगल में गढ़वा (झारखंड) से अंबिकापुर आ रही बर्फानी बस क्रमांक एमपी 09 एफए 6511 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।जानकारी के अनुसार, बस झारखंड के गढ़वा से अंबिकापुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान सेमरसोत के घने जंगल वाले मोड़ पर सामने से एक अन्य वाहन आ गया। उसे साइड देने के प्रयास में बस का पहिया सड़क किनारे की कच्ची जमीन पर उतर गया। हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी गीली और कमजोर हो गई थी, जिससे मिट्टी धंस गई और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और जंगल से गुजर रहे अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस के सवार यात्रियों को खिड़की, दरवाजे से बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को मामूली खरोंच आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों की सुध ली। पुलिस ने मार्ग पर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण सड़क किनारे की कच्ची और धंसी हुई जमीन होना सामने आया है। बहरहाल, यात्रियों के सुरक्षित रहने से सभी ने राहत की सांस ली।

Share with